After Header-1

कालाढूंगी को सीएम धामी की छह बड़ी सौगातें, 22 महिलाओं को किया सम्मानित

कालाढूंगी/देहरादून। मातृशक्ति का सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। यह बात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज मैदान, कालाढूंगी में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में कही। इस दौरान उन्होंने खेल, शिक्षा, कृषि, स्वरोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने सम्मानित महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। यह आयोजन महिलाओं के साहस, संघर्ष, परिश्रम और सफलता को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव सर्वोच्च स्थान दिया गया है। ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’ की भावना हमारी सांस्कृतिक परंपरा का आधार है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं का वास्तविक सम्मान तभी सुनिश्चित होगा, जब उन्हें समान अवसर मिलेंगे, उनके निर्णयों को महत्व दिया जाएगा और वे आत्मनिर्भर बनकर अपने सपनों को पूरा कर सकेंगी। महिलाओं के सशक्त होने से परिवार, समाज और राष्ट्र भी मजबूत होता है।

कालाढूंगी को मिली छह विकास योजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें कालाढूंगी के विभिन्न स्थानों पर 200 विद्युत पोलों की स्थापना, ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में सड़क निर्माण और मिनी स्टेडियम का निर्माण शामिल है।

इसके अलावा गोडापड़ाव बाईपास मार्ग से ग्राम बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चौड़ीकरण, कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण तथा पर्यटन सत्र 2026-27 में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से 70 अतिरिक्त जिप्सियों का पंजीकरण कराने की घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य, खेल एवं सड़क सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही कॉर्बेट क्षेत्र में जिप्सियों के पंजीकरण से महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता प्रदान करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.