After Header-1

सड़क हादसों को रोकने के लिए विशेषज्ञों ने दिया मंत्र, बोले- इलाज से बेहतर बचाव

देहरादून। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जागरूकता, यातायात नियमों का पालन और सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं। सड़क सुरक्षा केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। यह संदेश सड़क दुर्घटना पीड़ितों के विश्व स्मृति दिवस पर आयोजित वेबिनार में विशेषज्ञों ने दिया।

संजय ऑर्थोपीडिक, स्पाइन एंड मैटरनिटी सेंटर एवं सेवा सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा, दुर्घटना रोकथाम, प्राथमिक उपचार और पुनर्वास विषय पर वेबिनार आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों, गणमान्य व्यक्तियों और विद्यार्थियों ने भाग लिया।

पद्मश्री सम्मानित एवं एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष प्रो. डॉ. बीकेएस संजय ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के उपचार में खर्च होने वाले समय, धन और संसाधनों को रोकथाम के प्रयासों में लगाया जाना चाहिए। इलाज से बेहतर बचाव है। उन्होंने काजीरंगा की हालिया सड़क दुर्घटना का उल्लेख करते हुए तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और चालक की थकान को हादसों के प्रमुख कारणों में शामिल बताया। उन्होंने सरकार और आम नागरिकों से सड़क सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी मानने की अपील की।

एम्स ऋषिकेश के डॉ. भास्कर सरकार ने यातायात नियमों का स्वयं पालन करने और दुर्घटना के बाद प्राथमिक उपचार की जानकारी रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सावधानी से अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।

उत्तराखंड ऑर्थोपीडिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष एवं पुस्तक ‘भारत में सड़क दुर्घटनाएँ’ के सह-लेखक डॉ. गौरव संजय ने सड़क हादसे में अपने मित्र को खोने का अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना का असर केवल पीड़ित तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरा परिवार भावनात्मक और सामाजिक रूप से प्रभावित होता है। उन्होंने वेबिनार का संचालन भी किया।

मैक्स हॉस्पिटल के डॉ. हिमांशु कोचर ने वाहन चालकों की थकान को गंभीर जोखिम बताते हुए पर्याप्त विश्राम और सतर्कता बरतने की सलाह दी। वहीं, उत्तराखंड ऑर्थोपीडिक एसोसिएशन के अध्यक्ष-निर्वाचित डॉ. प्रवीण मित्तल ने दुर्घटना पीड़ितों के शारीरिक एवं व्यावसायिक पुनर्वास को जरूरी बताया।

समाजसेवी डॉ. राकेश डंगवाल ने बच्चों में बचपन से ही सड़क सुरक्षा की आदत विकसित करने पर जोर दिया। सुभारती हॉस्पिटल के हैंड सर्जन डॉ. रुचित खेरा ने दुर्घटना के बाद दिव्यांगता और आजीविका के नुकसान को कम करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को हाथों की सुरक्षा के लिए दस्ताने पहनने की सलाह दी।

ब्रह्माकुमारी केंद्र, बिठूर, कानपुर के बीके प्रकाश ने डॉ. संजय और डॉ. गौरव संजय के सामाजिक जागरूकता प्रयासों की सराहना की।

वेबिनार में विशेषज्ञों ने एक स्वर में कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों तक सीमित नहीं है, बल्कि मानव जीवन और परिवारों की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। प्रत्येक नागरिक की सतर्कता और जिम्मेदारी किसी परिवार को असहनीय पीड़ा से बचा सकती है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.