देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सैनिकों का सम्मान करना उत्तराखंड की परंपरा और संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। राज्य सरकार अग्निवीर योजना के तहत चार वर्ष की सेवा पूरी करने के बाद सेना से बाहर आने वाले युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के अपने वादे को पूरा कर रही है। सरकार ने पहले बैच के दो अग्निवीरों को 40वीं वाहिनी पीएसी में समायोजित करने की मंजूरी भी दे दी है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय में आयोजित प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन के अवसर पर मीडिया से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रतिवर्ष प्रवासी उत्तराखण्डियों के लिए सम्मेलन आयोजित करती है, जिसमें देश-विदेश में रहने वाले उत्तराखण्डी बड़ी संख्या में हिस्सा लेते हैं। यह आयोजन उन्हें अपनी जड़ों, पैतृक गांवों, संस्कृति और विरासत से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डियों ने देश और दुनिया में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और मेहनत से विशिष्ट पहचान बनाई है। राज्य सरकार उन्हें अपने पैतृक गांवों से जोड़ने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आए हैं। कई प्रवासी उत्तराखण्डी अपने गांवों से दोबारा जुड़ रहे हैं और गांवों को गोद लेकर उनके विकास में योगदान दे रहे हैं। इससे ग्रामीण विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में रिवर्स पलायन की दर में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जो राज्य के लिए उत्साहजनक संकेत है।
शीतकालीन यात्रा की तैयारियां तेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शीतकालीन यात्रा को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से सर्दियों में भी उत्तराखण्ड आने और चारधामों के शीतकालीन गद्दी स्थलों के दर्शन करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार चारधामों के कपाट बंद होने के बाद शीतकाल में भगवान की पूजा-अर्चना उनके शीतकालीन गद्दी स्थलों पर विधि-विधान से की जाती है। इन स्थलों पर पूजा का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार सैनिकों और पूर्व सैनिकों के सम्मान तथा अग्निवीरों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

