After Header-1

12 साल बाद भी बेटी को इंसाफ नहीं, भावुक हुए कशिश के पिता; 20 नवंबर से आंदोलन का ऐलान

हल्द्वानी। पिथौरागढ़ की मासूम कशिश के चर्चित दुष्कर्म और हत्याकांड में करीब 12 साल बाद भी न्याय की लड़ाई जारी है। बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहे पिता महेश चंद ने अब सरकार के खिलाफ जन आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। उन्होंने 20 नवंबर से आंदोलन शुरू करने की चेतावनी देते हुए कहा कि अब वह जनता के सहयोग से अपनी लड़ाई आगे बढ़ाएंगे।

बुधवार को हल्द्वानी में मीडिया से बातचीत के दौरान महेश चंद अपनी बेटी को याद कर भावुक हो गए और रो पड़े। उन्होंने कहा कि वर्षों बीत जाने के बावजूद कशिश को न्याय नहीं मिल पाया है। पिछले वर्ष सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका (रिव्यू पिटीशन) दाखिल करने की बात कही गई थी, लेकिन अब तक परिवार को यह जानकारी नहीं दी गई कि इस दिशा में क्या कार्रवाई हुई है।

महेश चंद ने कहा कि सरकार से उन्हें अब कोई उम्मीद नहीं रह गई है। वह अपनी बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए आखिरी सांस तक संघर्ष करेंगे। इसी उद्देश्य से 20 नवंबर से जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।

क्या है कशिश हत्याकांड का मामला?

इस मामले में वर्ष 2016 में हल्द्वानी की विशेष पॉक्सो अदालत ने मुख्य आरोपित अख्तर अली को फांसी की सजा सुनाई थी, जबकि दूसरे आरोपित प्रेमपाल को पांच साल के कारावास की सजा दी गई थी। हालांकि, बाद में सुप्रीम कोर्ट ने साक्ष्यों के अभाव में मुख्य आरोपित अख्तर अली को बरी कर दिया था।

सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद हल्द्वानी में विरोध प्रदर्शन भी हुए थे। उस समय सरकार की ओर से मामले में पुनर्विचार याचिका दाखिल करने का आश्वासन दिया गया था।

कशिश के पिता का आरोप है कि इस आश्वासन के बावजूद उन्हें याचिका से जुड़ी प्रगति की कोई जानकारी नहीं मिली है। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने अब जन आंदोलन का रास्ता अपनाने का फैसला किया है। महेश चंद ने स्पष्ट किया कि बेटी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर उनका संघर्ष जारी रहेगा।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.