पहला मामला नैनीताल जिले के भीमताल क्षेत्र का है। पांडेय गांव से सटे जिप्टी-करकोटक इलाके में एक गुलदार ने गोठ में घुसकर गाय को मार डाला था। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल था। वन विभाग ने गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया था।
रेंजर विजय मेलकानी के अनुसार, उच्चाधिकारियों से अनुमति मिलने के बाद क्षेत्र में पिंजरा लगाया गया। दीपावली की रात करीब 8 से 9 वर्ष की मादा गुलदार उसमें फंस गई। वन विभाग की टीम ने रविवार रात उसे रानीबाग स्थित रेस्क्यू सेंटर पहुंचा दिया।
पौड़ी में महिला की जान लेने वाला गुलदार 25 दिन बाद पकड़ा
दूसरा मामला पौड़ी गढ़वाल के खिर्सू ब्लॉक के तरुली गांव का है। यहां 9 अक्टूबर को 48 वर्षीय बीना देवी को गुलदार ने हमला कर मार डाला था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने संबंधित गुलदार को नरभक्षी घोषित करते हुए उसे मारने के आदेश भी जारी किए थे। इसके बावजूद करीब 25 दिनों तक गुलदार का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
आखिरकार 5 नवंबर की रात 8 बजकर 46 मिनट पर लाइव सीसीटीवी कैमरे में गुलदार पिंजरे में कैद दिखाई दिया। डीएफओ महातिम यादव और एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि पकड़ा गया गुलदार करीब सात वर्ष का नर है। उसे नागदेव रेंज पौड़ी लाकर चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। अब उसे ढेला, चिड़ियापुर अथवा देहरादून भेजने की प्रक्रिया की जाएगी।
ग्रामीणों ने गश्त जारी रखने की उठाई मांग
तरुली गांव के ग्राम प्रधान कुलदीप गुसाईं ने कहा कि क्षेत्र में दो गुलदार सक्रिय थे, जिनमें से एक को पकड़ लिया गया है। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त जारी रखने की मांग की, ताकि ग्रामीणों को किसी अन्य वन्यजीव के हमले का खतरा न रहे।
दोनों गुलदारों के पकड़े जाने से ग्रामीणों को फिलहाल बड़ी राहत मिली है, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में वन्यजीवों की बढ़ती सक्रियता ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की चुनौती को एक बार फिर सामने ला दिया है।

