After Header-1

शहीदों को नमन कर गणेश गोदियाल ने उठाया गैरसैंण राजधानी का मुद्दा, भाजपा पर साधा निशाना

 देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को देहरादून के कचहरी परिसर स्थित शहीद स्थल पहुंचकर राज्य निर्माण आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान गोदियाल ने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए गैरसैंण को प्रदेश की स्थायी राजधानी बनाने की मांग भी दोहराई।

गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण आंदोलनकारियों के संघर्ष और शहादत का परिणाम है। राज्य आंदोलन में मातृशक्ति, छात्रशक्ति और युवाशक्ति की भूमिका ऐतिहासिक रही। मसूरी, खटीमा और मुजफ्फरनगर गोलीकांड के शहीदों का योगदान प्रदेश कभी नहीं भुला सकता। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले उत्तराखंडवासियों ने भी राज्य निर्माण आंदोलन को समर्थन देकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

कांग्रेस सरकार के विकास कार्यों का किया उल्लेख

गोदियाल ने कहा कि राज्य गठन के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस की पहली निर्वाचित सरकार ने प्रदेश के विकास की मजबूत आधारशिला रखी। उस दौरान विभागीय ढांचे का निर्माण हुआ और वार्षिक योजना का आकार 900 करोड़ से बढ़ाकर 5,000 करोड़ रुपये तक पहुंचाया गया। औद्योगिक क्षेत्रों के विकास से रोजगार के अवसर बढ़े और टिहरी बांध, मनेरी भाली तथा धौलीगंगा जल विद्युत परियोजनाओं को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण काम हुआ।

उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार बेरोजगार युवाओं को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के 27 वर्षों बाद भी पलायन, बेरोजगारी और युवाओं के भविष्य जैसे सवाल गंभीर बने हुए हैं। महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण और प्रदेश में रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना आज भी बड़ी चुनौती है।

गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड के साथ गठित झारखंड और छत्तीसगढ़ को स्थायी राजधानियां मिल चुकी हैं, लेकिन उत्तराखंड आज भी इस मामले में पीछे है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार ने गैरसैंण में विधानसभा भवन का निर्माण कराया और नवंबर 2015 में वहां विधानसभा सत्र आयोजित किया था। उन्होंने भाजपा सरकार पर राजधानी के मुद्दे पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित करने की मांग की।

गोदियाल ने राज्य स्थापना दिवस समारोह 9 नवंबर के बजाय 6 नवंबर को मनाए जाने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह की परंपरा से राज्य आंदोलनकारियों की भावनाएं आहत हुई हैं और भविष्य में ऐसा नहीं होना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभाग किया तथा राज्य आंदोलनकारियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी, कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आंदोलनकारी मौजूद रहे।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.