मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष और सामूहिक संकल्प का परिणाम है। पृथक राज्य की मांग को लेकर चले आंदोलन में मातृशक्ति, युवाओं, छात्रों, पूर्व सैनिकों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हजारों लोगों के संघर्ष और बलिदान के बाद उत्तराखंड राज्य का सपना साकार हुआ। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को प्रदेशवासी कभी नहीं भूल सकते।
विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा उत्तराखंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूरे कर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। इन वर्षों में प्रदेश ने अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिली है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों की भावनाओं और आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखंड को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं का लाभ प्रदेश के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों तक पहुंचे। इसके साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करना और पलायन की समस्या पर प्रभावी रोक लगाना भी सरकार के प्रमुख लक्ष्यों में शामिल है।
शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाना लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह हमें अपने गौरवशाली इतिहास, संघर्ष और बलिदान को याद करने की प्रेरणा भी देता है। यह दिन विकसित उत्तराखंड के निर्माण के संकल्प को और मजबूत करने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और मूल पहचान को संरक्षित रखते हुए उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करना सरकार का लक्ष्य है। शहीद राज्य आंदोलनकारियों ने जिस विकसित, खुशहाल और सशक्त उत्तराखंड का सपना देखा था, उसे साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

