हरिद्वार, 09 नवंबर। सोमवती अमावस्या के पावन स्नान पर्व पर सोमवार को धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हरकी पैड़ी समेत गंगा के विभिन्न घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने तड़के गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने घाटों पर दान-पुण्य और धार्मिक अनुष्ठान किए। पितरों की शांति के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने पिंडदान और तर्पण कराया। नारायणीशिला पर भी पितरों के निमित्त नारायणबलि, पिंडदान और तर्पण जैसे धार्मिक कर्मकांड संपन्न कराए गए।
सोमवती अमावस्या के महत्व को देखते हुए श्रद्धालुओं का हरिद्वार पहुंचना रविवार रात से ही शुरू हो गया था। सोमवार को सूर्योदय के साथ हरकी पैड़ी और आसपास के घाटों पर भीड़ बढ़ती गई। घाटों पर गंगा मैया के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
ज्योतिषाचार्य पंडित देवेंद्र शुक्ल शास्त्री ने बताया कि सोमवार को पड़ने वाली अमावस्या पर गंगा स्नान और दान-पुण्य का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि इस दिन किया गया दान अक्षय फल प्रदान करता है। पवित्र नदियों में स्नान और पितरों के निमित्त किए गए कर्मों से उनकी शांति की कामना की जाती है।
14 जोन और 44 सेक्टरों में सुरक्षा व्यवस्था
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंध किए। मेला क्षेत्र को दो सुपर जोन, 14 जोन और 44 सेक्टरों में बांटकर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। हरकी पैड़ी और प्रमुख स्नान घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया। भीड़ का दबाव बढ़ने पर श्रद्धालुओं को वैकल्पिक घाटों की ओर भेजने की व्यवस्था भी की गई।
कुंभ निर्माण कार्यों से गंगाजल का प्रवाह प्रभावित
स्नान पर्व के दौरान हरकी पैड़ी पर सामान्य दिनों की तुलना में गंगाजल की मात्रा कम दिखाई दी। दरअसल, कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के तहत क्षेत्र में अस्थायी पुलों सहित विभिन्न निर्माण कार्य चल रहे हैं। इसके चलते गंगाजल का प्रवाह फिलहाल पहले की तरह नहीं छोड़ा जा रहा है। हालांकि, प्रशासन की ओर से स्नान के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया गया।

