हरिद्वार, 09 नवंबर। रुड़की के शेरपुर में आधी रात लगी भीषण आग ने एक कारोबारी परिवार की 26 वर्षों की मेहनत को कुछ ही घंटों में तबाह कर दिया। नगर निगम के वार्ड नंबर एक में हाईवे किनारे स्थित राज टेंट हाउस में लगी आग से पूरा कारोबार जलकर राख हो गया। आग इतनी विकराल थी कि करीब चार घंटे तक दमकल कर्मियों की मशक्कत के बावजूद टेंट हाउस में रखा सामान नहीं बचाया जा सका। आग की चपेट में पास स्थित एक रिहायशी भवन भी आ गया।
जानकारी के अनुसार, घटना बीती रात करीब 12 बजे की है। टेंट हाउस में अचानक आग लगने से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर परिजनों तथा स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश शुरू की। इस दौरान पास के पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने भी मदद की और अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
बड़ी दमकल गाड़ियों के पहुंचने में हुई देरी
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना मिलने के बाद शुरुआत में छोटी दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची। पानी की सीमित क्षमता के कारण आग पर प्रभावी तरीके से काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद मंगलौर और बहादराबाद से बड़ी दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। लोगों के मुताबिक, बड़ी गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लग गया। तब तक आग टेंट हाउस के अधिकांश सामान को अपनी चपेट में ले चुकी थी।
बाद में तीन दमकल गाड़ियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक टेंट हाउस का पूरा सामान जल चुका था और पास के रिहायशी भवन को भी नुकसान पहुंचा।
दमकल व्यवस्था पर स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
अग्निकांड के बाद दमकल विभाग की व्यवस्था और गाड़ियों के पहुंचने में हुई देरी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यदि शुरुआत में ही पर्याप्त क्षमता वाली दमकल गाड़ी पहुंच जाती तो नुकसान कम हो सकता था। सोलानी पुल से बड़ी दमकल गाड़ियों के आवागमन में परेशानी के कारण छोटी गाड़ी भेजे जाने की बात भी सामने आई है।
राज टेंट हाउस के मालिक विश्वराज सैनी ने करीब 26 वर्षों की मेहनत से अपना कारोबार खड़ा किया था। इस अग्निकांड ने उनकी वर्षों की पूंजी और व्यवसाय को पूरी तरह तबाह कर दिया।

