After Header-1

सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार में सुरक्षा का बड़ा प्लान, 2 सुपर जोन और 44 सेक्टरों में बंटा मेला क्षेत्र

हरिद्वार। सोमवती अमावस्या के पावन स्नान पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। 9 नवंबर को होने वाले स्नान पर्व पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मेला क्षेत्र में सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को 2 सुपर जोन, 14 जोन और 44 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। मेला प्रभारी की जिम्मेदारी एसपी सिटी को सौंपी गई है।

रविवार को ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज के सभागार में एसपी ट्रैफिक एवं क्राइम निशा यादव ने स्नान पर्व की ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफिंग दी। उन्होंने सभी को आपसी समन्वय बनाए रखने, महत्वपूर्ण सूचनाएं तत्काल साझा करने और श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार करने के निर्देश दिए।

एसपी निशा यादव ने कहा कि हरकी पैड़ी और अन्य प्रमुख घाटों पर भीड़ का दबाव बढ़ने की स्थिति में श्रद्धालुओं को वैकल्पिक घाटों की ओर भेजा जाएगा। जेबकतरों और उठाईगिरों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके साथ ही रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत मेला क्षेत्र में आने-जाने वाले वाहनों की जांच होगी। रेलवे स्टेशन और स्नान स्थलों पर संदिग्ध वस्तु मिलने पर बीडीएस और डॉग स्क्वॉड को तत्काल सूचना देने को कहा गया है। अफवाह फैलाने वालों पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी।

स्नान पर्व के दिन सुबह 2 बजे घाटों पर सो रहे श्रद्धालुओं को जगाकर घाट खाली कराए जाएंगे, ताकि स्नान व्यवस्था सुचारु बनी रहे। हरकी पैड़ी की ओर जाने वाले पुलों पर रस्से लगाकर जरूरत पड़ने पर भीड़ का रुख बदला जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, पीआरडी, जल पुलिस और फायर सर्विस सहित बड़ी संख्या में जवान तैनात रहेंगे। इसके अलावा बिछड़े हुए श्रद्धालुओं की मदद के लिए सीसीआर में खोया-पाया केंद्र बनाया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता मिल सके।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.