देहरादून। उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम सामान्य बने रहने का अनुमान है। हालांकि प्रदेश के पांच पर्वतीय जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से आठ नवंबर को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, 10 नवंबर को भी उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 11 और 12 नवंबर को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि 13 और 14 नवंबर को एक बार फिर उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग ने आठ से 12 नवंबर तक प्रदेश के किसी भी जिले के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की है। ऐसे में फिलहाल प्रदेश में मौसम को लेकर किसी बड़े बदलाव की आशंका नहीं जताई गई है।
आपदा और सड़क दुर्घटनाओं में 411 लोगों की मौत
इस बीच राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की आठ नवंबर को जारी रिपोर्ट में प्रदेश में आपदा और सड़क दुर्घटनाओं से जुड़ी घटनाओं के आंकड़े भी सामने आए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, एक अप्रैल 2026 से अब तक प्राकृतिक आपदाओं में 92 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 19 लोग लापता हैं। इस अवधि में 5064 मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है।
वहीं, एक जनवरी 2026 से अब तक प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में 319 लोगों की मौत हुई है और 1211 लोग घायल हुए हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल पांच सड़कें बंद हैं। इनमें पिथौरागढ़ जिले की चार और रुद्रप्रयाग जिले की एक सड़क शामिल है। संबंधित विभागों की ओर से मार्गों को सुचारु करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

