दोहा। भारतीय निशानेबाज जयपाल मालवीय ने आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का रजत पदक अपने नाम किया। गुरुवार को लुसैल शूटिंग कॉम्प्लेक्स में हुए मुकाबले में जयपाल ने 242.2 अंक हासिल किए। उनकी इस उपलब्धि के साथ भारत ने लॉस एंजिलिस ओलंपिक-2028 के लिए अपना पहला कोटा भी हासिल कर लिया।
फाइनल मुकाबले में चीन के हू काई ने 243.9 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि जयपाल 242.2 अंक लेकर दूसरे स्थान पर रहे। चेक गणराज्य के जिंद्रिच डुबोवी ने 220.9 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल किया। इस स्पर्धा में ओलंपिक के तीन कोटा उपलब्ध थे। जयपाल के रजत पदक के साथ भारत को भी ओलंपिक कोटा मिल गया।
जयपाल ने फाइनल की शुरुआत से ही शानदार निशानेबाजी का प्रदर्शन किया। पहली सीरीज में उन्होंने 50.5 अंक हासिल किए, जबकि दूसरी सीरीज के बाद उनका स्कोर 100 अंक पहुंच गया। एलिमिनेशन राउंड में भी उन्होंने 10.8 और 10.7 जैसे बेहतरीन निशाने लगाए। अंतिम चरण में दबाव के बावजूद उन्होंने अपना संयम बनाए रखा और डुबोवी को पीछे छोड़ते हुए रजत पदक पर कब्जा जमाया।
विश्व चैंपियनशिप में भारतीय निशानेबाजों ने महिला टीम स्पर्धा में भी शानदार प्रदर्शन किया। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर, सुरूचि इंदर सिंह और सायन्यम की तिकड़ी ने महिला 10 मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता। भारतीय टीम ने कुल 1738 अंक और 61 इनर-10 के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। चीन 1745-65 अंकों के साथ पहले और दक्षिण कोरिया 1729-49 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
मनु भाकर ने 583-21x, सुरूचि ने 580-24x और सायन्यम ने 575-16x अंक जुटाए। मनु की चौथी सीरीज में 100 अंकों का परफेक्ट स्कोर भी शामिल रहा।
हालांकि, पुरुष टीम स्पर्धा में भारत को सातवें स्थान से संतोष करना पड़ा। भारतीय टीम ने 1730-58 अंक हासिल किए। जयपाल ने व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में 585-23x अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त कर फाइनल में जगह बनाई।

