After Header-1

रोहित या विराट, न्यूजीलैंड के खिलाफ किसके बल्ले से निकलेगा शतक? पुजारा ने बताई अपनी पसंद

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा का मानना है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज में रोहित शर्मा की तुलना में विराट कोहली के शतक लगाने की संभावना अधिक है। उन्होंने इसके पीछे दोनों खिलाड़ियों की बल्लेबाजी शैली और टीम में उनकी भूमिका को प्रमुख वजह बताया। वहीं, पूर्व क्रिकेटर अभिषेक नायर ने यशस्वी जायसवाल को वनडे टीम में जगह नहीं मिलने और आगामी टेस्ट सीरीज की तैयारियों पर अपनी राय रखी। दोनों पूर्व खिलाड़ियों ने जियोहॉटस्टार के कार्यक्रम ‘आउट ऑर नॉट आउट’ में ये बातें कहीं।

पुजारा के अनुसार, रोहित शर्मा की जिम्मेदारी पावरप्ले में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने की होती है। न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में उन्हें अपनी रणनीति में बदलाव करना पड़ सकता है। दूसरी ओर, विराट कोहली तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं और उनकी भूमिका पारी को संभालने के साथ बड़ी पारी खेलने की होती है। ऐसे में उनके शतक बनाने की संभावना ज्यादा नजर आती है।

पुजारा ने वनडे सीरीज में कड़े मुकाबले की उम्मीद जताते हुए भारत और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज 2-2 से बराबर रहने का अनुमान लगाया। उनका मानना है कि शुरुआती तीन मुकाबलों में भारतीय टीम बेहतर प्रदर्शन कर सकती है, लेकिन अंतिम दो मैचों में टीम संयोजन बदलने से न्यूजीलैंड को फायदा मिल सकता है। बारिश के कारण एक मैच रद्द होने की आशंका भी उन्होंने जताई।

टेस्ट सीरीज को नायर ने बताया अहम

अभिषेक नायर ने भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज को मुख्य कोच गौतम गंभीर और भारतीय टीम के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि पिछली बार न्यूजीलैंड ने भारत में टेस्ट सीरीज जीतकर बड़ा उलटफेर किया था। इस बार भारतीय टीम को बेहतर प्रदर्शन कर उसका जवाब देना चाहिए।

नायर ने केएल राहुल और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ियों को टेस्ट क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि लाल गेंद से अभ्यास के लिए खिलाड़ियों को पर्याप्त समय मिलना चाहिए था।

जायसवाल को रणजी खेलने की सलाह

यशस्वी जायसवाल को वनडे टीम में जगह नहीं मिलने पर नायर ने कहा कि रोहित शर्मा और शुभमन गिल के सलामी बल्लेबाज होने के कारण चयनकर्ताओं ने यह फैसला लिया होगा। उन्होंने जायसवाल को रणजी ट्रॉफी में खेलकर टेस्ट सीरीज की तैयारी करने की सलाह दी। इससे उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करने का मौका मिल सकता है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.