After Header-1

उत्तराखंड पुलिस को मिली नई पहचान, छह नवंबर को अमित शाह करेंगे बड़ा सम्मान

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस को अब नई पहचान और नया गौरव चिह्न मिल गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस के नए ध्वज, प्रतीक चिह्न, फॉरमेशन साइन, इंसिग्निया, क्रेस्ट और सेरेमोनियल वर्दी का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर आधारित सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का भी शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए मुख्य सचिव को हेल्पलाइन नंबर 1064 की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदेशवासियों से भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतें इस नंबर पर दर्ज कराने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई होनी चाहिए।

धामी ने कहा कि पुलिस के नए गौरव चिह्न केवल वर्दी और प्रतीकों में बदलाव नहीं हैं, बल्कि ये बल की गौरवशाली परंपरा, शौर्य, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को दर्शाते हैं। पुलिस की वास्तविक पहचान उसके व्यवहार में संवेदनशीलता, कार्यप्रणाली में दक्षता और कार्रवाई में निष्पक्षता से बनेगी। उन्होंने पुलिसकर्मियों से नए ध्येय वाक्य ‘कर्म सत्यं शौर्यम्’ को अपने आचरण में उतारने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार उत्तराखंड पुलिस को आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रशिक्षण और संसाधनों से सक्षम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराते हुए अधिकारियों को जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए।

धामी ने बताया कि छह नवंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह उत्तराखंड पुलिस को प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ से अलंकृत करेंगे। इस अवसर पर पुलिसकर्मी नई सेरेमोनियल वर्दी में परेड करेंगे।

नए पुलिस प्रतीक चिह्न में अशोक स्तंभ, सत्यमेव जयते, स्वर्णिम लॉरेल रीथ, हिमालय और नदी को स्थान दिया गया है। वहीं, पुराने तीन रंगों वाले ध्वज की जगह गहरे नीले रंग की पृष्ठभूमि वाला नया ध्वज अपनाया गया है। कार्यक्रम में आईपीएस पद पर पदोन्नत शाहजहां जावेद खान और जगदीश चंद्र को भी प्रतीक चिह्न अलंकृत कर सम्मानित किया गया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.