After Header-1

यमुनोत्री के 30 से अधिक गांवों को मिलेगी राहत, सड़क और पुल निर्माण को मंजूरी

देहरादून। उत्तरकाशी जिले के यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र में सड़क और पुल निर्माण की लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने की दिशा में कदम बढ़ा है। राज्य योजना के तहत डाण्डा गांव की छानी से टटाऊ महाविद्यालय तक दो किलोमीटर मोटर मार्ग और बनाल खड्ड पर 84 मीटर लंबे स्टील गर्डर सेतु के निर्माण के प्रथम चरण को प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस परियोजना से क्षेत्र के ग्रामीणों और विद्यार्थियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

जारी शासनादेश के अनुसार, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता, उत्तरकाशी की ओर से प्रस्तुत आगणन प्रस्ताव का परीक्षण करने के बाद शासन ने प्रथम चरण के लिए 18.21 लाख रुपये की स्वीकृत धनराशि मंजूर की है। प्रस्ताव में दो किलोमीटर मोटर मार्ग और 84 मीटर स्पान वाले स्टील गर्डर पुल के निर्माण का उल्लेख है। विभागीय प्रस्ताव में परियोजना की कुल लागत 24.88 लाख रुपये बताई गई है।

30 से 35 गांवों को मिलेगा लाभ

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि यह सड़क ठकराल और बनाल पट्टियों के लगभग 30 से 35 गांवों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से इस मार्ग और पुल के निर्माण की मांग कर रहे थे। कुछ माह पहले सांकरी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इसके निर्माण की घोषणा की थी।

विद्यार्थियों की परेशानी होगी कम

मनवीर सिंह चौहान के अनुसार, टटाऊ स्थित राजकीय महाविद्यालय और आसपास के शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को सड़क सुविधा के अभाव में आवागमन के दौरान काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में बनाल खड्ड में पानी बढ़ने से रास्ता पार करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में विद्यार्थियों और ग्रामीणों को कई बार लगभग 20 से 25 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ता है।

बरसात में आवागमन होगा आसान

सड़क और पुल बनने से क्षेत्र के ग्रामीणों को विशेष रूप से बारिश के दौरान राहत मिलने की उम्मीद है। इससे गांवों की संपर्क सुविधा बेहतर होने के साथ विद्यार्थियों की आवाजाही भी आसान हो सकेगी। परियोजना के अगले चरणों और निर्माण कार्य की समयसीमा को लेकर विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.