After Header-1

तवांग में जुटेंगे 22 देशों के पर्यटन खरीदार, पूर्वोत्तर के पर्यटन को मिलेगा वैश्विक मंच

नई दिल्ली, 28 अक्टूबर। अरुणाचल प्रदेश के खूबसूरत पर्वतीय शहर तवांग में 29 अक्टूबर से 14वां अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मार्ट शुरू होगा। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की ओर से आयोजित यह तीन दिवसीय कार्यक्रम पूर्वोत्तर भारत की पर्यटन संभावनाओं को वैश्विक पहचान दिलाने का मंच बनेगा। इसमें 22 देशों के 43 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों सहित 200 से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है।

पर्यटन मंत्रालय अरुणाचल प्रदेश सरकार और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों के सहयोग से इस आयोजन को कर रहा है। 29 अक्टूबर को होने वाले उद्घाटन समारोह में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राज्य मंत्री सुरेश गोपी और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू शामिल होंगे। इस दौरान नॉर्थ ईस्ट बाजार का उद्घाटन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

आठ राज्यों के पर्यटन आकर्षणों पर रहेगा फोकस

मार्ट में अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा के पर्यटन स्थलों, स्थानीय उत्पादों और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, जर्मनी, जापान, रूस, ब्रिटेन, अमेरिका और अन्य देशों के खरीदार यहां पर्यटन कारोबार की संभावनाएं तलाशेंगे।

30 अक्टूबर को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तथा पर्यटन सेवा प्रदाताओं के बीच व्यावसायिक बैठकें होंगी। इनका उद्देश्य पर्यटन क्षेत्र में निवेश, नए पर्यटन उत्पादों के विकास और स्थानीय उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के अवसर बढ़ाना है।

तवांग के प्रमुख पर्यटन स्थलों का करेंगे भ्रमण

आयोजन के दौरान प्रतिनिधियों को तवांग मठ, जंग जलप्रपात, तवांग युद्ध स्मारक, उरग्येलिंग गोम्पा, बुद्ध पार्क और पांगकांग तेंग त्सो झील जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। नॉर्थ ईस्ट बाजार में पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, वस्त्र, स्थानीय व्यंजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र होंगे।

मार्ट में लाइव कार्यक्रमों, संगीत समारोहों और संरक्षित व प्रतिबंधित क्षेत्रों में पर्यटकों की पहुंच जैसे विषयों पर तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। 30 अक्टूबर को पूर्वोत्तर राज्यों के पर्यटन मंत्रियों की क्षेत्रीय बैठक भी होगी, जिसमें पर्यटन विकास और अंतरराज्यीय सहयोग पर चर्चा की जाएगी।

गौरतलब है कि तवांग में 13 साल बाद अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मार्ट का आयोजन हो रहा है। इससे पहले यहां 2013 में इसका दूसरा संस्करण आयोजित किया गया था। पिछले वर्ष नवंबर में यह आयोजन सिक्किम की राजधानी गंगटोक में हुआ था। इस बार तवांग के आयोजन से पूर्वोत्तर के पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.