प्रदेश सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और लोगों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है। इसी क्रम में गैरसैंण नगर तथा आसपास की आबादी की पेयजल जरूरतों को ध्यान में रखते हुए रामगंगा नदी पर बांध बनाने की योजना तैयार की गई है।
शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, Construction of Dam across Ramganga River for drinking water supply of Gairsain town and adjoining population in District Chamoli परियोजना के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में बजट की व्यवस्था की गई है। परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 12,268.91 लाख रुपये यानी 122.6891 करोड़ रुपये है। इसमें पहले चरण के लिए पूर्व में स्वीकृत 24.76 लाख रुपये भी शामिल हैं।
परियोजना के प्रारंभिक कार्यों के लिए कुल स्वीकृत लागत के लगभग दो प्रतिशत के बराबर 2.454 करोड़ रुपये की पहली किश्त जारी करने की अनुमति दी गई है। यह धनराशि राज्य आकस्मिकता निधि से अग्रिम आहरित कर उपलब्ध कराई जाएगी।
पारदर्शिता के साथ होगा निर्माण कार्य
परियोजना के क्रियान्वयन और निगरानी में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कार्यस्थल पर सूचना पट्ट लगाया जाएगा। इस पर परियोजना का नाम, स्वीकृत लागत, कार्य प्रारंभ और पूरा होने की प्रस्तावित तिथि तथा कार्यदायी संस्था और ठेकेदार का विवरण दर्ज किया जाएगा। निर्माण से पहले, कार्य के दौरान और पूरा होने के बाद की तस्वीरें एवं वीडियो भी सुरक्षित रखे जाएंगे।
सरकार का मानना है कि इस परियोजना से गैरसैंण और आसपास की आबादी की पेयजल जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। पर्वतीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
