After Header-1

गैरसैंण सत्र में 7,844 करोड़ का अनुपूरक बजट, जानें कहां खर्च होगी राशि

गैरसैंण। उत्तराखंड सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 7,844.18 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट प्रस्तावित किया है। भराड़ीसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र में प्रस्तुत इस बजट में सड़क, पेयजल, ऊर्जा, शहरी विकास और जनसुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया है।

अनुपूरक बजट में 4,164.32 करोड़ रुपये पूंजीगत मद और 3,679.86 करोड़ रुपये राजस्व मद के लिए प्रस्तावित हैं। इसके जुड़ने से प्रदेश के कुल बजट का आकार 1,19,547.39 करोड़ रुपये हो जाएगा।

बजट में ग्रामीण एवं शहरी स्थानीय निकायों को मजबूत करने के लिए राज्य के कर राजस्व में उनकी हिस्सेदारी 10.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 12.5 प्रतिशत करने का प्रस्ताव है। इसके लिए 721 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।

बुनियादी ढांचे के विकास के लिए विशेष सहायता योजना के तहत 500 करोड़ रुपये, ऊर्जा क्षेत्र के लिए लगभग 270 करोड़ और शहरी विकास की एशियाई विकास बैंक पोषित योजनाओं के लिए करीब 100 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं। पुलिस भवनों के निर्माण के लिए 55 करोड़, न्यायिक अवसंरचना के लिए 22 करोड़ तथा पंचायत भवनों के निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपये रखे गए हैं।

इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़कों के अनुरक्षण सहित लोक निर्माण विभाग के लिए 31 करोड़ और ग्राम्य विकास विभाग के लिए 30 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सरकार का लक्ष्य अनुपूरक बजट के माध्यम से संचालित विकास योजनाओं को गति देने और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.