After Header-1

उत्तराखंड में 22 अक्टूबर से कांग्रेस की न्याय यात्रा, चार दिशाओं से होगा आगाज

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच कांग्रेस प्रदेशभर में ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ शुरू करने जा रही है। 22 अक्टूबर से शुरू होने वाली इस यात्रा का शुभारंभ प्रदेश के चार अलग-अलग क्षेत्रों से होगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, विधायक और पूर्व जनप्रतिनिधि यात्रा का नेतृत्व करेंगे। पार्टी का उद्देश्य प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर जनसमस्याओं को उठाना और संगठन को मजबूत करना है।

प्रदेश कांग्रेस मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने बताया कि न्याय यात्रा के तहत चार दल अलग-अलग मार्गों पर जनता के बीच पहुंचेंगे। यात्रा के दौरान कई विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अल्मोड़ा से हल्द्वानी तक पहले दल की यात्र

पहले दल का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रकाश जोशी, करन माहरा, भुवन कापड़ी और तिलकराज बेहड़ करेंगे। 22 अक्टूबर को अल्मोड़ा के गोलज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद यात्रा रानीखेत, खैरना, भवाली और भीमताल होते हुए हल्द्वानी पहुंचेगी। 23 अक्टूबर को लालकुआं, किच्छा, सितारगंज, नानकमत्ता और खटीमा होते हुए रुद्रपुर, जबकि 24 अक्टूबर को गदरपुर, बाजपुर और काशीपुर होते हुए जसपुर में कार्यक्रम होंगे। 25 अक्टूबर को हल्द्वानी में पत्रकार वार्ता के साथ इस दल की यात्रा का समापन होगा।

बदरीनाथ से गढ़वाल के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचेगी यात्रा

दूसरे दल का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक विक्रम सिंह नेगी और लखपत सिंह बुटोला करेंगे। 22 अक्टूबर को बदरीनाथ धाम में पूजा-अर्चना के बाद यात्रा जोशीमठ और पीपलकोटी होते हुए चमोली पहुंचेगी। अगले दिन नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग और गौचर होते हुए रुद्रप्रयाग में कार्यक्रम होगा। 24 और 25 अक्टूबर को सतपुली, दुगड्डा, कोटद्वार, लैंसडाउन और बीरोंखाल में न्याय यात्रा आयोजित की जाएगी। 26 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव की तैयारी बैठक होगी।

देहरादून से ऋषिकेश तक तीसरे दल की कमान प्रीतम सिंह के हाथ

तीसरे दल का नेतृत्व चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला करेंगे। 22 अक्टूबर को टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद राजपुर और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा निकाली जाएगी। 23 अक्टूबर को सहसपुर और विकासनगर, जबकि 24 अक्टूबर को चकराता के त्यूनी में न्याय यात्रा के साथ विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित होगा। 25 अक्टूबर को कैंट और धर्मपुर तथा 26 अक्टूबर को ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में यात्रा निकाली जाएगी। प्रीतम सिंह 27 और 28 अक्टूबर को गैरसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र में भी शामिल होंगे।

हरिद्वार में 23 अक्टूबर से शुरू होगा चौथे दल का अभियान

चौथे दल का नेतृत्व चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत और विधायक काजी निजामुद्दीन, ममता राकेश, फुरकान अहमद, रवि बहादुर, वीरेंद्र कुमार जाति तथा अनुपमा रावत करेंगे। 23 अक्टूबर को हरिद्वार शहर से यात्रा शुरू होकर ग्रामीण क्षेत्र तक पहुंचेगी। 24 अक्टूबर को खानपुर, मंगलौर और झबरेड़ा, जबकि 25 अक्टूबर को भगवानपुर, रुड़की और मंगलौर में कार्यक्रम होंगे। 30 अक्टूबर को लक्सर और ज्वालापुर में न्याय यात्रा आयोजित की जाएगी।

राजीव महर्षि ने बताया कि अन्य विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभा घेराव कार्यक्रम के बाद न्याय यात्रा निकाली जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत अपनी सुविधानुसार विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। यात्रा में कांग्रेस के विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, प्रदेश पदाधिकारी, एआईसीसी और पीसीसी सदस्य, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भाग लेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.