अदन/रियाद, 16 अक्टूबर। यमन में हूती विद्रोहियों और सरकारी बलों के बीच जारी संघर्ष के बीच अदन स्थित अल-माशिक राष्ट्रपति महल पर मिसाइल हमले की खबर सामने आई है। यमन के स्वास्थ्य मंत्री कासिम मोहम्मद बुहैबेह के अनुसार, हमले में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य घायल हुए हैं। सरकार का कहना है कि हमले के दौरान प्रधानमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्य सुरक्षित बच गए।
हूती ने ली हमले की जिम्मेदारी
अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, हूती प्रवक्ता याह्या सारी ने गुरुवार को हुए हमले की जिम्मेदारी ली। उन्होंने कहा कि अदन में सऊदी अरब की सैन्य गतिविधियों से जुड़े मुख्यालय को निशाना बनाना उनके अभियान का हिस्सा है। हूती ने सऊदी अरब की सैन्य मौजूदगी को अपने खिलाफ बताते हुए उसे निशाना बनाने की बात कही है।
सरकारी संस्थानों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश
यमन की राष्ट्रपति नेतृत्व परिषद के अध्यक्ष रशाद अल-अलीमी ने हमले के बाद सरकारी बलों को संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस घटना को हवाई अड्डों और तेल सुविधाओं पर हुए हमलों की शृंखला से जोड़ते हुए सरकारी नियंत्रण बहाल करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
अल-अलीमी के मुताबिक, सरकार का ‘यमन उदय’ अभियान सरकारी संस्थानों को फिर से सक्रिय करने और देश के विभिन्न हिस्सों में सरकारी अधिकार बहाल करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
मंत्रियों के सुरक्षित होने का दावा
अल अरबिया की रिपोर्ट के अनुसार, यमन के युवा मामलों के मंत्री नायेफ सालेह अल-बकरी ने कहा कि अदन में मौजूद सभी मंत्री सुरक्षित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हमले के बावजूद प्रधानमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी शहर नहीं छोड़ेंगे।
इस बीच, यमन की सरकारी सेना ने दावा किया है कि उसने पिछले 24 घंटों में हूती ठिकानों पर 1,250 हमले किए। सरकारी बलों के प्रवक्ता माजेद अल-नुजैली के अनुसार, इन अभियानों में लड़ाकू विमानों, ड्रोन, तोपखाने और रॉकेट लॉन्चरों का इस्तेमाल किया गया। सेना ने हूती के 150 वाहनों को नष्ट करने का भी दावा किया है।
सऊदी अरब ने जारी की सुरक्षा चेतावनी
सऊदी अरब ने हूती विद्रोहियों पर युद्ध अपराधों के आरोप लगाए हैं। वहीं, सऊदी अरब स्थित अमेरिकी दूतावास ने हवाई अड्डों पर संभावित हमलों को लेकर चेतावनी जारी की है और अपने कर्मचारियों की यात्रा पर प्रतिबंध लगाया है।
दूसरी ओर, यमन के ताइज क्षेत्र में धी अल-बारीह और जाबा में हूती ठिकानों पर दो हवाई हमलों की भी खबर है। लगातार हो रहे हमलों के बीच क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
