मुंबई, 14 अक्टूबर। बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना अपनी आगामी फिल्म ‘उड़ता तीर’ के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। फिल्म का दूसरा ट्रेलर जारी हो चुका है, जिसमें कॉमेडी, एक्शन और देशभक्ति का दिलचस्प मेल देखने को मिल रहा है। आयुष्मान खुराना और सारा अली खान अभिनीत यह फिल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ट्रेलर के साथ ही फिल्म की कहानी और इसके अप्रत्याशित मोड़ों को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।
फिल्म की कहानी के बारे में बात करते हुए आयुष्मान ने कहा कि ‘उड़ता तीर’ दर्शकों को लगातार चौंकाने वाली है। अभिनेता के मुताबिक, जब दर्शकों को लगने लगेगा कि उन्हें कहानी की दिशा समझ आ गई है, तभी कोई नया मोड़ सामने आएगा। उन्होंने फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसके अलग-अलग जॉनर को एक साथ जोड़ने के अंदाज को बताया।
आयुष्मान का कहना है कि देशभक्ति, एक्शन और कॉमेडी को गैर-पारंपरिक तरीके से पेश करने का प्रयास किया गया है। फिल्म में मनोरंजन के साथ रोमांच का भी खास ध्यान रखा गया है। अभिनेता को उम्मीद है कि कहानी के अप्रत्याशित घटनाक्रम और हास्य दर्शकों को पसंद आएंगे। दूसरे ट्रेलर में भी फिल्म की इसी खासियत की झलक देखने को मिलती है।
दमदार कलाकारों की टीम आएगी नजर
आकाश ए. कौशिक के लेखन और निर्देशन में बनी ‘उड़ता तीर’ में आयुष्मान खुराना और सारा अली खान मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा मुकुल देव, राम कपूर, रघुबीर यादव, बृजेन्द्र काला, गुलशन ग्रोवर, सुहैल नैय्यर, राहुल बोस और सुप्रिया पिलगांवकर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म का निर्माण करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, गुनीत मोंगा कपूर और अचिन जैन ने किया है। इसे धर्मा प्रोडक्शंस और सिख्या एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनाया गया है।
फिल्म की रिलीज में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। ऐसे में दर्शकों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आयुष्मान और सारा की यह जोड़ी बड़े पर्दे पर कितना मनोरंजन करती है और कहानी के अनपेक्षित मोड़ दर्शकों को कितना प्रभावित कर पाते हैं।
