After Header-1

एयर इंडिया की फ्लाइट में बम की धमकी, जयपुर में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

जयपुर, 14 अक्टूबर। फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के विमान को बम की धमकी और हाईजैक अलर्ट से जुड़े संकेत मिलने के बाद बुधवार सुबह जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर आपात स्थिति में उतारा गया। विमान में सवार सभी 250 यात्री सुरक्षित हैं। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और विमान के साथ यात्रियों के सामान की भी जांच शुरू कर दी गई। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया के बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर विमान ने 13 अक्टूबर की रात करीब 9:45 बजे जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से उड़ान भरी थी। विमान को बुधवार सुबह 10:40 बजे दिल्ली पहुंचना था। उड़ान के दौरान भारतीय हवाई क्षेत्र के पास विमान को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। इसी बीच सुबह करीब नौ बजे अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को कुछ सेकंड के लिए स्क्वाक-7500 कोड का संकेत मिला।

विमानन क्षेत्र में स्क्वाक-7500 कोड का इस्तेमाल हाईजैक की स्थिति में किया जाता है। हालांकि, विमान से यह संकेत किस वजह से मिला और इसका वास्तविक परिस्थितियों से क्या संबंध था, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सुरक्षा संबंधी सूचना मिलने के बाद जयपुर एटीसी को भी अलर्ट किया गया। इसके बाद सुबह करीब 9:10 बजे विमान का मार्ग बदलकर जयपुर की ओर कर दिया गया। विमान ने सुबह करीब 9:45 बजे जयपुर हवाईअड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की। सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में यात्रियों को विमान से उतारकर टर्मिनल में बैठाया गया। इसके बाद विमान और सामान की गहन जांच शुरू की गई।

एनएसजी को भी अलर्ट रहने के निर्देश

सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) की कमांडो टीम को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। टीम के जयपुर पहुंचने की संभावना भी जताई गई है।

बम की धमकी और हाईजैक अलर्ट से जुड़े संकेतों के बीच सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विमान को मिली धमकी और एटीसी को मिले संकेत के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.