After Header-1

देवबंद में ज्योत पदयात्रियों को कैंटर ने रौंदा, चार की मौत और 15 घायल; कैसे हुआ दर्दनाक हादसा?

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। श्रद्धालु शाकंभरी देवी से माता की ज्योत लेकर पदयात्रा करते हुए अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे स्थित फ्लाईओवर पर पीछे से आए बर्तनों से भरे तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

ज्योत लेकर लौटते समय हुआ हादसा

जिलाधिकारी अरविंद चौहान के अनुसार, मेरठ जिले के सरधना क्षेत्र स्थित कुशावली गांव के करीब 19 लोग सात अक्टूबर को ट्रैक्टर-ट्रॉली से शाकंभरी देवी के दर्शन करने गए थे। शनिवार सुबह करीब सात बजे सभी माता की ज्योत लेकर पैदल लौट रहे थे। इसी दौरान देवबंद में हाईवे फ्लाईओवर पर पीछे से आए कैंटर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। अचानक हुए हादसे में श्रद्धालुओं को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

दुर्घटना में कुशावली गांव निवासी रमेश (40), सागर (40), अमन (23) और सतेंद्र की मौत हो गई। हादसे में 15 से अधिक श्रद्धालु घायल हुए हैं। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

गंभीर घायलों को मेरठ और सहारनपुर भेजा

हादसे की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी अरविंद चौहान और एसएसपी अभिनंदन सहारनपुर जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को सहारनपुर और मेरठ के अस्पतालों में रेफर किया गया।

चालक-परिचालक हिरासत में

सीओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने कैंटर चालक और परिचालक को हिरासत में ले लिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हादसे की खबर से कुशावली गांव में शोक का माहौल है। माता की ज्योत लेकर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ हुई इस दुर्घटना ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.