नोएडा। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले दिल्ली-नोएडा सीमा पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने दिल्ली जाने वाले प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार से शनिवार सुबह तक विभिन्न संगठनों और राजनीतिक दलों के करीब दो हजार लोगों को अलग-अलग स्थानों और उनके घरों में नजरबंद किया गया है।
बॉर्डर पर सख्ती, वाहनों की जांच
दिल्ली जाने वाले रास्तों पर पुलिसकर्मी तैनात हैं। वाहनों को रोककर दिल्ली जाने का कारण पूछा जा रहा है और कई वाहनों को सीमा से वापस भेजा जा रहा है। प्रदर्शनकारियों से भरी बसें पहुंचने की स्थिति में उन्हें आगे बढ़ने से रोकने की तैयारी भी की गई है। फिलहाल आपातकालीन सेवाओं और जरूरी काम से जाने वालों को प्राथमिकता दी जा रही है।
अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए पीएसी की दो कंपनियां बाहर से बुलाई गई हैं, जबकि एक कंपनी जिले की है। तीनों कंपनियों को अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात किया गया है। त्योहारों और परीक्षाओं को देखते हुए जिले में 10 से 20 अक्टूबर तक भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू की गई है।
मेट्रो और औद्योगिक गतिविधियों पर असर
दिल्ली में कुछ मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, नोएडा और ग्रेटर नोएडा की मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। हालांकि, सीमा से सटे न्यू अशोक नगर और कालिंदी कुंज मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने की जानकारी दी गई है।
दिल्ली और नोएडा के बीच रोजाना काम के लिए आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फैक्ट्रियों, दुकानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और कार्यालयों में काम करने वाले कर्मचारियों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
दादरी स्टेशन पर भी सतर्कता
प्रदर्शन के मद्देनजर दादरी रेलवे स्टेशन पर भी सतर्कता बरती गई। स्टेशन पर आरक्षण काउंटर बंद होने और प्रयागराज से सुबह आने वाली एक्सप्रेस ट्रेन रद्द होने की सूचना सामने आई। हालांकि, रेलवे अधिकारियों की ओर से इन घटनाओं के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
सोशल मीडिया पर भी निगरानी
नोएडा पुलिस ने सोशल मीडिया पर निगरानी के लिए दो टीमें गठित की हैं। ये टीमें भ्रामक सूचनाओं, अफवाहों और माहौल बिगाड़ने वाली पोस्ट पर नजर रख रही हैं। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध सामग्री मिलने पर तथ्यों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
