After Header-1

उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। मौसम विज्ञान विभाग ने प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं, मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। इस बीच ऊधमसिंह नगर जिले में शुक्रवार को हुई अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और तेज आंधी-तूफान से फसलों के साथ बिजली के खंभों, पेड़ों और अन्य परिसंपत्तियों को नुकसान पहुंचा है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार, 10 अक्टूबर को प्रदेश के सभी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। देहरादून, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चम्पावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आकाशीय बिजली चमकने, गरज के साथ बारिश होने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।

रविवार, 11 अक्टूबर को हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में मौसम शुष्क रह सकता है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। 12 अक्टूबर को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश हो सकती है।

13 और 14 अक्टूबर को भी देहरादून समेत कई पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। वहीं, 15 अक्टूबर को प्रदेश के सभी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 16 अक्टूबर को कुमाऊं मंडल में कुछ स्थानों और गढ़वाल मंडल में कहीं-कहीं बारिश या बर्फबारी का अनुमान है।

आंधी-तूफान से फसलों को नुकसान

ऊधमसिंह नगर जिले में शुक्रवार, 9 अक्टूबर को खराब मौसम के कारण कई क्षेत्रों में नुकसान की सूचना मिली है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, बाजपुर और गदरपुर तहसीलों में प्रभावित क्षेत्रों का राजस्व उपनिरीक्षकों की ओर से स्थलीय सर्वेक्षण किया जा रहा है। नुकसान का आकलन पूरा होने के बाद विस्तृत जानकारी सामने आएगी।

मौसम विभाग ने लोगों को आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। बिजली चमकने पर खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लेने की अपील की गई है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.