रायपुर, 10 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात कार और ट्रैक्टर के बीच हुई जोरदार टक्कर में पुलिसकर्मी समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, कार में आरक्षक कमलेश वर्मा, रूपेश निषाद और गोपी सवार थे। तीनों तर्रा गांव के निवासी थे। कमलेश वर्मा सिलतरा थाने में पदस्थ थे और इन दिनों छुट्टी पर चल रहे थे। वह अपने दोस्तों के साथ कार से रायपुर घूमने आए थे। देर रात वापस खरोरा लौटते समय उनकी कार सारागांव और बरौंडा के बीच चैती तालाब के पास हादसे का शिकार हो गई।
टक्कर इतनी तेज कि कार के उड़े परखच्चे
बताया गया कि विपरीत दिशा से भूसे से लदा ट्रैक्टर आ रहा था। इसी दौरान कार और ट्रैक्टर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कमलेश वर्मा और रूपेश निषाद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गोपी गंभीर रूप से घायल होकर कार के भीतर फंस गया।
दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत से घायल युवक को कार से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घायल गोपी को तत्काल दौंदेकला स्थित लक्ष्मीनारायण अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में पुलिस
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर खरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिए हैं।
पुलिस के मुताबिक, मामले में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश भी की जा रही है। इस हादसे से मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।
