After Header-1

राम माधव की मौजूदगी में भाजपा का संकल्प, देहरादून में निकली सेवा ज्योति यात्रा

देहरादून, 7 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा ने बुधवार को देहरादून में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया। प्रदेश प्रभारी राम माधव की मौजूदगी में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को आगे बढ़ाने और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ सेवा कार्यों में जुटे रहने का संकल्प लिया।

परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय भवन में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन के बाद भाजपा की प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कार्यकर्ताओं को विकसित भारत के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प दिलाया। इसके बाद पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों ने ‘सेवा ज्योति’ प्रज्ज्वलित की।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा देने, स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को मजबूत करने का संकल्प दोहराया। इसके साथ ही ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के सिद्धांतों के साथ सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही गई।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य रखा है। उत्तराखंड भी इस लक्ष्य को हासिल करने में अपनी भूमिका निभाएगा। वक्ताओं ने कहा कि देवभूमि की धरती से भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रसेवा और विकास के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी राम माधव के अलावा कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ और विजय बहुगुणा सहित कई विधायक तथा भाजपा के प्रदेश और महानगर पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद ‘सेवा ज्योति’ के साथ यात्रा परेड मैदान से शुरू हुई। यात्रा दून क्लब होते हुए लैंसडाउन चौक तक पहुंची। रास्ते में कार्यकर्ताओं ने ‘विकसित भारत, राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’ के नारे लगाए। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ यात्रा का समापन हुआ।

भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदेश के अन्य जिला मुख्यालयों और विधानसभा क्षेत्रों में भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए गए। राम माधव का पांच दिनों के भीतर देहरादून का यह दूसरा दौरा रहा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.