मुंबई, 7 अक्टूबर। अभिनेत्री और ‘बिग बॉस 16’ में नजर आ चुकीं अर्चना गौतम के मुंबई स्थित कैफे ‘ओये चुरोस’ में चोरी की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति कैफे में दाखिल हुआ और वहां रखा पूरा कैश काउंटर लेकर फरार हो गया। चोरी की यह घटना कैफे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अर्चना ने सोशल मीडिया पर साझा किया है।
अर्चना का कैफे मुंबई के वर्सोवा, अंधेरी पश्चिम इलाके में स्थित है। अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर सीसीटीवी फुटेज शेयर करते हुए बताया कि एक व्यक्ति उनके कैफे में आया और मौका देखकर कैश काउंटर ही उठाकर ले गया। घटना को लेकर उन्होंने हैरानी जताई और कहा कि मुंबई में इतने सारे कैफे होने के बावजूद उनके कैफे को निशाना बनाया गया।
अभिनेत्री ने कहा कि सीसीटीवी वीडियो सार्वजनिक करने का उनका मकसद केवल घटना की जानकारी देना नहीं, बल्कि लोगों को सतर्क करना भी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लापरवाही न बरतें।
अर्चना ने बताया कि चोरी की घटना के संबंध में पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। उन्होंने मुंबई पुलिस से आरोपी की जल्द पहचान कर उसे पकड़ने और उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है।
अभिनेत्री ने यह भी कहा कि मुंबई हमेशा से उनके लिए सुरक्षित शहर रहा है। ऐसे में कैफे में हुई चोरी की घटना से उन्हें काफी दुख पहुंचा है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने और सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने की अपील की।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगी हैं। रिद्धिमा पंडित और बेबिका धुर्वे समेत कई लोगों ने अर्चना के प्रति चिंता जताई और घटना पर प्रतिक्रिया दी। अब पुलिस की जांच के बाद ही साफ होगा कि चोरी को अंजाम देने वाला व्यक्ति कौन था और कैश काउंटर में कितनी रकम मौजूद थी।
