After Header-1

टैंक की सफाई के लिए उतरे 5 छात्र, जहरीली गैस ने ली 4 की जान

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई। चैतन्य विहार सेक्टर-2 स्थित पाणिनि संस्कृत गुरुकुलम में पानी के टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चार छात्रों की जान चली गई, जबकि एक अन्य छात्र का अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद से गुरुकुल का संचालक फरार बताया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, गुरुकुल जिस परिसर में संचालित हो रहा है, वहां करीब एक साल पहले तक ‘उमा कमला’ नाम से गेस्ट हाउस चलता था। इसके बाद आशीष शर्मा ने परिसर किराये पर लेकर गुरुकुल शुरू किया। यहां करीब 100 छात्र रहकर संस्कृत की पढ़ाई कर रहे हैं।

मंगलवार रात करीब 10 बजे संचालक आचार्य आशीष के कहने पर छात्रों को परिसर के पीछे बने करीब 12 फीट गहरे और बंद पानी के टैंक की सफाई के लिए भेजा गया। सबसे पहले 22 वर्षीय मनु कटारे टैंक में उतरे। अंदर जहरीली गैस होने के कारण उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें बचाने के प्रयास में विशू शर्मा (19), आर्यन पांडेय (16) और देवांश शर्मा (17) भी एक-एक कर टैंक में उतर गए। कुछ ही देर में सभी गैस की चपेट में आ गए।

छात्रों की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी कृष्णा तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अन्य आचार्यों और छात्रों की मदद से सभी को टैंक से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी छात्रों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने मनु कटारे, विशू शर्मा, आर्यन पांडेय और देवांश शर्मा को मृत घोषित कर दिया। पांचवें छात्र रुद्राक्ष का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह, नगर आयुक्त ओजस्वी राज, एडीएम पंकज वर्मा और एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस फरार संचालक की तलाश कर रही है। हादसे के बाद गुरुकुल का बोर्ड हटाए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.