हिंगोली-नांदेड़ में फिर कांपी धरती, लगातार झटकों से मची दहशत

मुंबई। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में शनिवार सुबह भूकंप के लगातार झटकों से हड़कंप मच गया। हिंगोली और नांदेड़ जिलों के कई इलाकों में धरती कांपने का एहसास हुआ। अचानक कंपन महसूस होने के बाद बड़ी संख्या में लोग एहतियातन अपने घरों से निकलकर खुले स्थानों पर पहुंच गए। हालांकि, अब तक किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) के मुताबिक, हिंगोली जिले में सुबह 7.47 बजे 3.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसका केंद्र औंढा नागनाथ तहसील के गढाला क्षेत्र में बताया गया है। जिला प्रशासन के अनुसार, शुरुआती झटके के बाद सुबह करीब 10 बजे तक क्षेत्र में तीन और कंपन महसूस किए गए। इनमें 9.43 बजे, 9.51 बजे और 10 बजे आए झटके शामिल हैं।

लगातार कंपन के कारण ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों के बीच भय का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि भूकंप के दौरान जमीन के भीतर से गड़गड़ाहट जैसी आवाज सुनाई दी। कई घरों में रखे बर्तन और लकड़ी का सामान भी हिलने लगा। हालांकि, प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है और फिलहाल किसी बड़े नुकसान की जानकारी नहीं मिली है।

हिंगोली के अलावा नांदेड़ जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भी सुबह करीब 9.43 बजे कंपन महसूस किया गया। झटका महसूस होते ही कई लोग घरों से बाहर निकल आए। प्रशासन की ओर से लोगों से शांत रहने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।

इससे पहले गुरुवार रात वसमत तहसील के पंगरा शिंदे क्षेत्र में जमीन के भीतर से तेज आवाज सुनाई देने की जानकारी सामने आई थी। हालांकि, उस घटना का कोई आधिकारिक सिस्मोग्राफ रिकॉर्ड नहीं मिला था।

वसमत के उपविभागीय अधिकारी विकास माने ने बताया कि 7.47 बजे दर्ज भूकंप की तीव्रता 3.3 थी और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने सतर्क रहने की अपील की।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.