UPL 2026: देहरादून वॉरियर्स का धमाका, यूएसएन इंडियंस को 52 रन से हराया

देहरादून, 29 सितंबर। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) 2026 में देहरादून वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यूएसएन इंडियंस को 52 रन से हरा दिया। राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में सोमवार देर रात खेले गए मुकाबले में देहरादून वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 204 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में यूएसएन इंडियंस की टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 152 रन ही बना सकी।

यूएसएन इंडियंस के कप्तान नवीन राणा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन देहरादून के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। कप्तान कुणाल चंदेला और संस्कार रावत ने पहले विकेट के लिए उपयोगी साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत आधार दिया।

संस्कार रावत ने महज 33 गेंदों में नौ चौकों और एक छक्के की मदद से 62 रन की तेजतर्रार पारी खेली। वहीं कुणाल चंदेला ने 50 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 70 रन बनाए। पारी के अंतिम ओवरों में नीरज सिंह राठौर ने नाबाद 45 रन और पूर्वांश ध्रुव ने चार गेंदों पर नाबाद 12 रन जोड़कर टीम को 204 रन तक पहुंचाया। यूएसएन की ओर से राहुल डी. नाह और रोहित सिंह डंगवाल ने दो-दो विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएसएन इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। देहरादून के तेज गेंदबाज देवेंद्र सिंह बोरा ने शुरुआती ओवरों में ही विपक्षी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। सिर्फ 11 रन के स्कोर तक सचिन भाटी, पीयूष जोशी, हर्ष राणा और विशाल डंगवाल पवेलियन लौट गए।

इसके बाद आदित्य सेठी और अभिषेक दफौती ने पारी को संभालने का प्रयास किया। आदित्य ने 36 गेंदों पर 54 रन बनाए, जबकि अभिषेक 34 गेंदों में 48 रन बनाकर नाबाद रहे। राहुल डी. नाह ने भी 24 रन का योगदान दिया, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।

देहरादून की ओर से देवेंद्र सिंह बोरा ने तीन ओवर में सिर्फ 10 रन देकर तीन विकेट चटकाए। आदित्य रावत ने दो विकेट लिए। शानदार गेंदबाजी के दम पर देहरादून वॉरियर्स ने यूएसएन इंडियंस को 152 रन पर रोककर 52 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.