देहरादून। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), उत्तरकाशी के पर्वतारोहियों ने वर्ष 2026 में कई चुनौतीपूर्ण चोटियों पर सफल आरोहण कर साहस और टीम भावना का परिचय दिया। गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में संस्थान की ओर से संचालित चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का फ्लैग-इन किया। इनमें जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स (JIM&WS), पहलगाम के साथ संयुक्त रूप से संचालित माउंट एकांकागुआ अभियान भी शामिल रहा।
अर्जेंटीना स्थित 6,961 मीटर ऊंची माउंट एकांकागुआ के लिए NIM और JIM&WS का संयुक्त अभियान कर्नल हेम चंद्र सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। छह सदस्यीय अभियान दल ने 22 फरवरी 2026 को इस चोटी का सफल आरोहण किया। इस अभियान को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली स्थित साउथ ब्लॉक से रवाना किया था।
इसी तरह NIM के नुन-कुन अभियान-2026 में भी पर्वतारोहियों ने लगातार उपलब्धियां हासिल कीं। अभियान का नेतृत्व संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित ने किया। दल ने 15 अगस्त को 7,077 मीटर ऊंची माउंट कुन पर सफल आरोहण किया। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मिली इस सफलता ने अभियान को खास बना दिया।
अभियान दल ने इसके बाद भी अपना अभियान जारी रखा। 26 अगस्त को 5,908 मीटर ऊंची माउंट डेल्टा-41 और 31 अगस्त को 7,135 मीटर ऊंची माउंट नुन पर भी सफल आरोहण किया गया। इस तरह दल ने निर्धारित अभियानों के दौरान कई ऊंची और चुनौतीपूर्ण चोटियों को फतह किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पर्वतारोहियों के साहस, अनुशासन और टीम भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि पर्वतारोहण केवल ऊंची चोटियों तक पहुंचने का प्रयास नहीं, बल्कि धैर्य, अनुशासन, आत्मविश्वास और सामूहिक प्रयास की परीक्षा भी है। पर्वतारोहियों की उपलब्धियां प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
फ्लैग-इन कार्यक्रम के दौरान अभियानों से जुड़े पर्वतारोहियों और संस्थान के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अभियानों के अनुभवों और उपलब्धियों की जानकारी दी।