देहरादून। सैन्य धाम के लोकार्पण की तैयारियों को लेकर सैनिक कल्याण विभाग ने कवायद तेज कर दी है। बृहस्पतिवार को सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने हाथीबड़कला स्थित कैंप कार्यालय में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सैन्य धाम से जुड़े निर्माण और अन्य लंबित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सैन्य धाम से संबंधित जो भी कार्य अभी बाकी हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर अगले 15 दिनों के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के साथ काम की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
गणेश जोशी ने कहा कि सैन्य धाम उत्तराखंड के वीर सैनिकों, शहीदों और उनके परिजनों के सम्मान और गौरव से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। ऐसे में इसके लोकार्पण से संबंधित तैयारियों में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की नियमित निगरानी करने और तय समयसीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने को कहा।
मंत्री ने बताया कि सैन्य धाम के लोकार्पण के अवसर पर प्रदेश के दोनों मंडलों से ‘सैन्य धाम यात्रा’ निकाली जाएगी। कुमाऊं मंडल में यात्रा की शुरुआत सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के धारचूला से होगी, जबकि गढ़वाल मंडल में यात्रा माणा से शुरू की जाएगी।
दोनों यात्राएं अपने-अपने मार्ग पर विभिन्न पड़ावों से होकर सैन्य धाम पहुंचेंगी। यात्रा के आयोजन का उद्देश्य प्रदेश के वीर सैनिकों और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। इसके साथ ही युवाओं को सैन्य परंपरा और राष्ट्रसेवा से जोड़ने का प्रयास भी किया जाएगा।
समीक्षा बैठक में सैन्य धाम से जुड़े शेष कार्यों, लोकार्पण की तैयारियों और प्रस्तावित यात्राओं की व्यवस्थाओं पर अधिकारियों से जानकारी ली गई। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि निर्धारित कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा सकें।