देहरादून। उत्तराखंड के राजकीय महाविद्यालयों की व्यवस्थाओं और शैक्षणिक गतिविधियों की अब तकनीक के माध्यम से रियल टाइम निगरानी की जाएगी। उच्च शिक्षा विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय और विद्या समीक्षा केंद्र (वीएसके) का शुभारंभ मंगलवार को ननूरखेड़ा स्थित विद्यालयी शिक्षा निदेशालय परिसर में किया गया। करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस केंद्र को उच्च शिक्षा व्यवस्था में डाटा, तकनीक और पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया है।
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने केंद्र के लोकार्पण के दौरान कहा कि विद्या समीक्षा केंद्र प्रदेश के उच्च शिक्षा क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। इसके माध्यम से राज्य के सभी राजकीय महाविद्यालयों से संबंधित आधारभूत सुविधाओं, छात्र संख्या, विद्यार्थियों की उपस्थिति और परीक्षा परिणाम का ऑनलाइन डाटा उपलब्ध रहेगा। साथ ही शिक्षकों की कार्यप्रणाली की रियल टाइम मॉनिटरिंग भी की जाएगी।
मंत्री ने बताया कि वीएसके के माध्यम से शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के स्थानांतरण एवं पदोन्नति से जुड़ी प्रक्रियाओं तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की भी निगरानी की जाएगी। विभिन्न संस्थानों के प्रदर्शन, उपलब्ध संसाधनों के उपयोग और योजनाओं की प्रगति का डाटा जुटाकर उसका विश्लेषण किया जाएगा। इससे भविष्य में नीति निर्माण और उच्च शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में मदद मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत विद्यालयी शिक्षा विभाग में विद्या समीक्षा केंद्र के संचालन के बाद अब उच्च शिक्षा विभाग में भी इसी तरह की व्यवस्था विकसित की गई है। विभागीय गतिविधियों को गति देने में क्षेत्रीय कार्यालय की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया गया।
कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, उच्च शिक्षा उन्नयन समिति के उपाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र भसीन और डॉ. जयपाल सिंह चौहान समेत कई अधिकारी एवं शिक्षाविद मौजूद रहे। वक्ताओं ने प्रदेश में एनईपी-2020 के क्रियान्वयन और उच्च शिक्षा से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी।
डॉ. रावत ने कहा कि उत्तराखंड ने छात्र संघ चुनावों में छात्राओं को 50 फीसदी प्रतिनिधित्व देने का निर्णय लिया है। उन्होंने उच्च शिक्षा संस्थानों में भूमि, भवन, प्राचार्य और फैकल्टी की उपलब्धता तथा छात्रवृत्ति योजनाओं का भी उल्लेख किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को ‘भक्त दर्शन उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान’ से सम्मानित किए जाने की जानकारी भी दी।