मुंबई। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने जिंदगी में लगातार सीखते रहने को लेकर अपनी सोच साझा की है। अभिनेता ने अपने ब्लॉग में मेडिकल साइंस, ज्ञान, नैतिकता और संगीत जैसे विषयों का जिक्र करते हुए कहा कि सीखने का सिलसिला कभी खत्म नहीं होता। उनके मुताबिक, हर दिन इंसान को दूसरों के बारे में ही नहीं, बल्कि सबसे ज्यादा अपने बारे में कुछ नया समझने का अवसर देता है।
अमिताभ बच्चन ने लिखा कि हर दिन कुछ नया सीखने को मिलता है। यह सीख केवल कौन बनेगा करोड़पति (KBC) के मंच तक सीमित नहीं है, बल्कि जिंदगी के हर क्षेत्र में जारी रहती है। उन्होंने खुद को और बेहतर तरीके से समझने, अपनी स्थिति को जानने और लगातार ज्ञान हासिल करने की प्रक्रिया को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
अभिनेता ने मेडिकल साइंस की जटिलताओं, ज्ञान की विविधता और नैतिकता से जुड़ी चुनौतियों का भी उल्लेख किया। उनकी बातों से यह जाहिर होता है कि उम्र और अनुभव के बावजूद वह खुद को सीखने की प्रक्रिया से अलग नहीं मानते। उनका मानना है कि जिंदगी लगातार नए सवाल और चुनौतियां सामने रखती है, जिनसे इंसान को कुछ न कुछ सीखने का मौका मिलता है।
अमिताभ ने संगीत को लेकर भी अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने संगीत को कभी खत्म न होने वाली और लगातार चुनौती देने वाली दुनिया बताया। किसी रचना को सुनने के बाद यह जानने की जिज्ञासा पैदा होती है कि उसे आखिर किस तरह तैयार किया गया। उनके अनुसार, संगीत मन और इंद्रियों को सक्रिय कर एक अलग तरह का एहसास पैदा करता है और दिल-दिमाग पर गहरा प्रभाव छोड़ता है।
अमिताभ बच्चन फिलहाल कौन बनेगा करोड़पति में नजर आ रहे हैं। यह शो लोकप्रिय अंतरराष्ट्रीय क्विज फॉर्मेट पर आधारित है, जिसमें प्रतिभागियों से बहुविकल्पीय सवाल पूछे जाते हैं और जरूरत पड़ने पर लाइफलाइन का विकल्प भी मिलता है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन को पिछली बार टी.जे. ज्ञानवेल की फिल्म वेट्टैयन में देखा गया था। अब वह नितेश तिवारी की आगामी फिल्म रामायण: पार्ट 1 में नजर आएंगे। फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश और सनी देओल भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।