नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के शंभूपुर गांव में मंगलवार को हुई गोलीबारी की घटना ने अंधविश्वास, भय और तंत्र-मंत्र के दावों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के अनुसार, अरविंद सिंह ने कथित तौर पर अपनी पत्नी, दो पंडितों और बेटे को गोली मार दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अरविंद की भी मौत हो गई। घटना के समय उसके घर में पिछले चार दिनों से पूजा-पाठ चल रहा था।
बताया जा रहा है कि अरविंद अपने भाई की मौत के लिए पत्नी को जिम्मेदार मानता था। परिवार में महामृत्युंजय मंत्र का जाप कराया जा रहा था। कुछ लोगों को आशंका थी कि वर्षों पहले हुई मौत के बाद मृत व्यक्ति की आत्मा परिवार को परेशान कर रही है। इसी कारण आत्मा की शांति के लिए पूजा-पाठ के साथ नारायण बलि जैसी धार्मिक प्रक्रियाएं कराए जाने की बात सामने आई है।
पड़ोसियों के मुताबिक, करीब आठ साल पहले अरविंद के भाई की हत्या हुई थी। इसके बाद परिवार में लगातार परेशानियां बनी रहने की चर्चा थी। हालांकि, पुलिस जांच अभी जारी है और घटना के पीछे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद वर्ष 2018 में दिल्ली के बुराड़ी में हुई घटना की भी चर्चा होने लगी है। बुराड़ी मामले में एक ही परिवार के 11 सदस्यों की मौत हुई थी और जांच के दौरान धार्मिक मान्यताओं तथा मोक्ष से जुड़ी धारणाओं का पहलू सामने आया था। इसी तरह 2023 में वाराणसी में एक परिवार के चार सदस्यों की आत्महत्या के मामले में भी पूजा-पाठ और मोक्ष से जुड़ी मान्यताओं का उल्लेख जांच के दौरान सामने आया था।
ज्योतिषाचार्य चंद्रकांत सारस्वत का कहना है कि धार्मिक परंपराओं में अकाल मृत्यु के बाद श्राद्ध, पिंडदान और तर्पण जैसी वैदिक प्रक्रियाओं का उल्लेख मिलता है। उनका कहना है कि परेशानी के समय कुछ लोग तंत्र-मंत्र के नाम पर कथित समाधान का दावा करने वालों के संपर्क में आ जाते हैं, जिससे भय और बढ़ सकता है।
आजमगढ़ की घटना ने एक बार फिर यह सवाल सामने रखा है कि आस्था और अंधविश्वास के बीच अंतर समझना जरूरी है। किसी भी गंभीर पारिवारिक समस्या या भय की स्थिति में तथ्यपरक सोच और उचित सहायता लेना महत्वपूर्ण है।

