फिल्मी सितारों ने लिया हेरिटेज ट्रेन का सफर, भाप इंजन का दिखा अनोखा अंदाज

अहमदाबाद। केवड़िया में आयोजित 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में शामिल फिल्म जगत के कलाकारों, पुरस्कार विजेताओं और विशिष्ट अतिथियों को भारतीय रेल की समृद्ध विरासत से रूबरू कराने के लिए पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल ने विशेष पहल की। अतिथियों की सुविधा के लिए एकतानगर स्टेशन से वडोदरा के लिए हेरिटेज स्पेशल ट्रेन का संचालन किया गया। विशेष ट्रेन ने रात 9 बजे एकतानगर स्टेशन से प्रस्थान किया।

इस विशेष रेल यात्रा का उद्देश्य केवल अतिथियों को सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें भारतीय रेलवे के गौरवशाली इतिहास और विरासत का अनुभव कराना भी था। ट्रेन को इस तरह तैयार किया गया है कि यात्रियों को भाप इंजन के पुराने दौर की यादें ताजा हो सकें।

आधुनिक इलेक्ट्रिक प्रणाली से चलने वाली इस ट्रेन में भाप और धुएं का विशेष प्रभाव तथा हॉर्न की व्यवस्था की गई है। इससे यात्रियों को पुराने जमाने के स्टीम इंजन जैसा अनुभव मिलता है। ट्रेन में आधुनिक सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है।

हेरिटेज स्पेशल ट्रेन में कुल छह कोच, पैंट्री सुविधा और आकर्षक सेल्फी प्वाइंट बनाए गए हैं। इनमें चार एसी विस्टाडोम प्रकार के कोच शामिल हैं। इनमें तीन वातानुकूलित एक्जीक्यूटिव चेयर कार और एक रेस्तरां डाइनिंग कार है। विस्टाडोम कोच के जरिए यात्रियों को यात्रा के दौरान आसपास के प्राकृतिक दृश्यों को देखने का भी अवसर मिलता है।

पश्चिम रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 09409 अहमदाबाद-एकतानगर स्टीम हेरिटेज स्पेशल प्रत्येक शनिवार और रविवार को सुबह 6.10 बजे अहमदाबाद से रवाना होकर 9.50 बजे एकतानगर पहुंचती है। वापसी में ट्रेन संख्या 09410 एकतानगर-अहमदाबाद प्रत्येक शनिवार और रविवार को रात 8.35 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 12.05 बजे अहमदाबाद पहुंचती है। दोनों दिशाओं में ट्रेन का ठहराव वडोदरा स्टेशन पर है।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2023 में एकतानगर से स्टीम हेरिटेज स्पेशल ट्रेन की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य भारतीय रेल की विरासत को प्रदर्शित करने के साथ पर्यटन को बढ़ावा देना है। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के दौरान इस ट्रेन की विशेष यात्रा ने भारतीय सिनेमा और रेलवे की विरासत को एक साथ जोड़ने का अवसर दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.