देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में सड़क, पुलिया, भवन, सिंचाई, मंदिर और अन्य विकास कार्यों के लिए कुल 16.88 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने का अनुमोदन किया है। इन स्वीकृतियों से पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, देहरादून और चम्पावत में प्रस्तावित विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है।
पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में भूमिधारा से कुमालगांव तक खड़ंजा और पुलिया निर्माण के लिए 74.24 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मझेड़ा में प्राथमिक विद्यालय भूगांव से नाघर कुमाल्ता और स्यूसी तक संपर्क मार्ग निर्माण के लिए 49.85 लाख रुपये दिए जाएंगे। डीडीहाट के गराली में पुलिया निर्माण के लिए भी 58.14 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है।
देहरादून जिले के सहसपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत झाझरा में बंशीवाला, अंबेडकर पार्क, काली मंदिर और मुख्य मार्ग से जुड़े विभिन्न हिस्सों में मार्ग निर्माण के साथ नाली निर्माण और सीमेंट-कंक्रीट टाइल लगाने के लिए 76.60 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के सेवलाकलां स्थित संसारी माता मंदिर के जीर्णोद्धार के शेष कार्य के लिए 49.95 लाख रुपये की धनराशि मंजूर की गई है।
रुद्रप्रयाग के केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र की तहसील बसुकेदार में आवासीय एवं अनावासीय भवनों के निर्माण के लिए सबसे बड़ी 12.26 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है।
पौड़ी जिले के कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र स्थित कण्वाश्रम में चक्रवर्ती सम्राट भरत की प्रतिमा स्थापना और सौंदर्यीकरण के लिए 31.90 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पिथौरागढ़ के तौक भौरा फील्ड में सिंचाई गूल निर्माण के लिए 44.13 लाख रुपये दिए जाएंगे।
वहीं चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में मां पूर्णागिरी मेला क्षेत्र के अनुरक्षण, विश्राम शेड और पुलिया निर्माण के लिए 77.22 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सरकार के अनुसार इन कार्यों से स्थानीय स्तर पर बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।