पूर्व सैनिकों के लिए बनेगा मोबाइल ऐप, एक जगह मिलेगी हर योजना की जानकारी

देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) से मंगलवार को सचिव सैनिक कल्याण एवं संस्कृति युगल किशोर पंत ने लोक भवन में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों के कल्याण के साथ संस्कृति विभाग से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

बैठक में राज्यपाल ने पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आसानी से उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने पूर्व सैनिकों के लिए एक मोबाइल ऐप विकसित करने का सुझाव दिया। राज्यपाल के अनुसार, इस ऐप में पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए संचालित योजनाओं, सुविधाओं और विभिन्न लाभों की विस्तृत जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा सकती है। भविष्य में पात्र लाभार्थियों को इसी ऐप के माध्यम से योजनाओं के लिए आवेदन की सुविधा देने की दिशा में भी काम किया जा सकता है।

राज्यपाल ने कहा कि सैनिक और पूर्व सैनिक देश की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उनके सैन्य जीवन के अनुभव, अनुशासन और कौशल का उपयोग समाज और प्रदेश के विकास में किया जाना चाहिए। उन्होंने सैनिक कल्याण योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए तकनीक के साथ रोजगार और पुनर्वास को प्राथमिकता देने पर भी बल दिया।

बैठक में संस्कृति विभाग की ओर से सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यों को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। राज्यपाल ने युवाओं और आम लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति के प्रयासों में केवल सरकारी स्तर पर ही नहीं, बल्कि समाज की व्यापक भागीदारी भी जरूरी है।

उन्होंने संस्कृति विभाग के माध्यम से सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में सैनिक कल्याण और संस्कृति से जुड़े अन्य विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.