गणपति भजनों से गूंजा सोलानीपुरम, देर रात तक उमड़ा भक्तों का सैलाब

रुड़की। सोलानीपुरम में आयोजित गणेश महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और विधि-विधान से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। देर रात तक चले भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने भजनों का आनंद लेते हुए गणपति महाराज के जयकारे लगाए।

महोत्सव में पूर्व मेयर गौरव गोयल भी पहुंचे। उन्होंने गणपति महाराज की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भगवान गणेश को विघ्नहर्ता माना जाता है और उनकी पूजा से जीवन में आने वाली बाधाओं के दूर होने की मान्यता है। उन्होंने कहा कि गणपति आराधना से बुद्धि, ज्ञान और सकारात्मक ऊर्जा का विकास होता है तथा परिवार में सुख-समृद्धि की कामना की जाती है।

गौरव गोयल ने कहा कि गणेश महोत्सव जैसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और एकजुटता को मजबूत करते हैं। ऐसे आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जुड़ाव का भी संदेश देती है।

महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। देर रात तक कलाकारों ने भगवान गणेश की महिमा से जुड़े भजन प्रस्तुत किए, जिन पर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। आयोजन स्थल पर भक्तों की आवाजाही देर रात तक बनी रही।

कार्यक्रम के संचालन में राजेश पाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने पूर्व मेयर गौरव गोयल का सम्मान भी किया। इस अवसर पर गणेश महोत्सव के संरक्षक सुनील साहनी, पार्षद जेपी शर्मा, अनिल महेश्वरी, अंकुर सैनी, दिनेश कुमार, राजदुलारी और रोमा पाल समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजन समिति के सदस्यों ने महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों और श्रद्धालुओं का आभार जताया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.