दिशा सालियान केस में सूरज पंचोली ने तोड़ी चुप्पी, बोले- मेरे पास छिपाने को कुछ नहीं

मुंबई। सेलिब्रिटी मैनेजर दिशा सालियान की मौत से जुड़े मामले में अभिनेता सूरज पंचोली का नाम सामने आने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपनी स्थिति स्पष्ट की है। इंस्टाग्राम पर जारी एक बयान में सूरज ने कहा कि वह दिशा सालियान से कभी नहीं मिले और न ही अभिनेता आदित्य ठाकरे से उनकी कभी मुलाकात हुई। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से उनका नाम अलग-अलग मीडिया रिपोर्ट और बयानों के जरिए इस मामले से जोड़ा जा रहा है, जबकि उनका इससे कोई संबंध नहीं है।

सूरज पंचोली ने कहा कि वह लंबे समय तक इस मुद्दे पर चुप रहे, क्योंकि वह अपने बारे में प्रकाशित होने वाली हर खबर या चर्चा पर प्रतिक्रिया नहीं देना चाहते थे। लेकिन लगातार एक ही तरह की बातें दोहराए जाने के बाद उन्हें सार्वजनिक रूप से अपना पक्ष रखना जरूरी लगा।

अभिनेता ने बताया कि इस मामले के संबंध में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और पुलिस उनसे पहले ही पूछताछ कर चुकी है। उनके मुताबिक, जांच एजेंसियों ने करीब चार-पांच वर्ष पहले उनका बयान दर्ज किया था। सूरज ने कहा कि उनके पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है और यदि किसी जांच एजेंसी को उनसे दोबारा पूछताछ करनी हो या कोई अतिरिक्त जानकारी चाहिए, तो वह पूरी तरह सहयोग करने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने दिशा सालियान की मौत से जुड़े पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और विस्तृत जांच का समर्थन किया। साथ ही सोशल मीडिया और टेलीविजन पर चल रही चर्चाओं को लेकर लोगों से अपील की कि किसी भी दावे को बिना सत्यापन के सच न मानें।

सूरज ने कहा कि किसी की मौत से जुड़ी घटना के आधार पर बिना सबूत किसी दूसरे व्यक्ति की प्रतिष्ठा प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह कानून और जांच एजेंसियों पर भरोसा करते हैं और उम्मीद है कि जांच के जरिए सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने अपने बयान का अंत ‘तथ्यों, जांच और सच को बोलने दो’ संदेश के साथ किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.