यमराज से न्यूटन तक बने सहवाग, नए अवतार ने मचाई धूम

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग अब क्रिकेट के मैदान के बाद मनोरंजन की दुनिया में अपने अलग अंदाज से दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए मशहूर सहवाग अमेजन एमएक्स प्लेयर के लोकप्रिय रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ के दूसरे सीजन की मेजबानी करेंगे। शो के प्रमोशन के दौरान सहवाग के कई अनोखे लुक सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं।

वायरल तस्वीरों में सहवाग अलग-अलग किरदारों में नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में वह काले कपड़ों और मुकुट के साथ यमराज के रूप में दिखाई दे रहे हैं। दूसरी तस्वीर में वह पेड़ के नीचे किताब पढ़ते हुए न्यूटन के अंदाज में नजर आए, जहां उनके सामने सेब गिरने का इंतजार करते हुए दिखाया गया है।

सहवाग का एक और लुक डॉक्टर का है, जिसमें वह आईसीयू में मरीज से बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं एक मजेदार तस्वीर में वह स्कूल टीचर की भूमिका में बच्चों को उठक-बैठक कराते नजर आए। इन अलग-अलग किरदारों में उनका अंदाज सोशल मीडिया यूजर्स को खासा पसंद आ रहा है।

ये सभी गेटअप ‘राइज एंड फॉल’ के दूसरे सीजन के प्रमोशन का हिस्सा हैं। शो के पहले सीजन की मेजबानी कारोबारी अश्नीर ग्रोवर ने की थी। अब दूसरे सीजन की जिम्मेदारी सहवाग संभालेंगे। शो में प्रतियोगियों को अलग-अलग चुनौतियों से गुजरना होगा और उन्हें परिस्थितियों के बीच अपने उत्थान और पतन की कहानी खुद तैयार करनी होगी।

दूसरे सीजन में मनोरंजन जगत के कई चर्चित चेहरे भी नजर आएंगे। अभिनेत्री स्वरा भास्कर, अभिनेता करण पटेल और ‘बिग बॉस’ फेम प्रियंका चाहर चौधरी समेत कई प्रतिभागियों के नाम सामने आए हैं।

क्रिकेट से संन्यास के बाद सोशल मीडिया पर अपने मजाकिया अंदाज के लिए सक्रिय रहने वाले सहवाग अब होस्ट के रूप में नई पारी शुरू कर रहे हैं। ऐसे में उनके प्रशंसकों की नजर इस बात पर रहेगी कि उनका बेबाक और हास्यपूर्ण अंदाज रियलिटी शो में किस तरह दिखाई देता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.