After Header-1

देहरादून में 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, जानिए क्या-क्या होगा

देहरादून। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से देहरादून में ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान 17 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान विभिन्न विभागों के समन्वय से जिलेभर में जनकल्याण और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को अभियान के लिए विभागवार कार्ययोजना तैयार करने और आपसी समन्वय से कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सरकार की योजनाओं से जोड़ना और उन्हें योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। इसके लिए कार्यक्रमों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए।

अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘मेरे सपनों का भारत–चित्र सेवा’, ‘सेवा कार्य’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ जैसे कार्यक्रम होंगे।

17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के तहत प्रमुख स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। ‘मेरे सपनों का भारत–चित्र सेवा’ के अंतर्गत विकसित भारत@2047, सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें विद्यार्थियों और युवाओं की भागीदारी पर विशेष जोर रहेगा।

‘सेवा कार्य’ के माध्यम से शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता गतिविधियां होंगी, जबकि ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण, मातृ-शिशु कल्याण और अन्य योजनाओं को लेकर जागरूकता बढ़ाई जाएगी।

‘सेवा की कहानी’ में सरकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलावों को सामने लाया जाएगा। ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत स्वच्छता, पौधरोपण, शिक्षण सहित समाजोपयोगी गतिविधियों में लोगों को जोड़ा जाएगा। वहीं ‘सेवा सेतु अभियान’ में स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविरों के जरिए पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास होगा। ‘सुशासन सेवा संवाद’ समेत अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से जनसंवाद और जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.