देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव, प्रमुख धार्मिक आयोजनों और प्रदेश की बढ़ती सुरक्षा संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जाएगी। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने अभिसूचना एवं सुरक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सुरक्षा तंत्र को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। चुनाव और वीवीआईपी कार्यक्रमों को देखते हुए कानून-व्यवस्था के लिए आवश्यक संसाधन और जनशक्ति समय से जुटाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में आतंकवाद नियंत्रण के लिए राष्ट्रीय स्तर पर संचालित आतंकवाद निरोधी नीति ‘प्रहार’ को प्रदेश में प्रभावी ढंग से लागू करने पर चर्चा हुई। डीजीपी ने पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े इनपुट और उसके सहयोगियों की देशभर में हुई गिरफ्तारियों के मद्देनजर सभी जिलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा। सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने वाली गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए।
डीजीपी ने राज्य एटीएस की क्षमता बढ़ाने के लिए देश के बड़े राज्यों की पुलिस के सफल अभियानों और कार्यप्रणाली का अध्ययन करने को कहा। चीन और नेपाल सीमा से लगे जिलों में संदिग्ध गतिविधियों, घुसपैठ और राष्ट्रविरोधी तत्वों की आवाजाही रोकने के लिए आईटीबीपी, एसएसबी, सेना, आईबी, राज्य पुलिस और एटीएस के बीच उच्चस्तरीय इंटर-एजेंसी समन्वय बैठक कराने के निर्देश दिए गए।
चारधाम यात्रा में बढ़ती श्रद्धालु संख्या और प्रदेश में पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ आगामी कुंभ मेले और अन्य धार्मिक आयोजनों के लिए विस्तृत सुरक्षा कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। राज्य स्थापना दिवस, नवरात्र, दशहरा और दीपावली के दौरान भी अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
चुनाव और धार्मिक आयोजनों के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की 24 घंटे निगरानी होगी। भ्रामक खबरों, डीपफेक वीडियो और अफवाहों की तत्काल जांच कर फैक्ट-चेक कराने तथा जरूरत पड़ने पर आधिकारिक खंडन जारी करने को कहा गया है।