तन्वी पत्री ने रचा इतिहास, फाइनल में हमवतन शाइना को दी मात

नई दिल्ली। भारत की युवा बैडमिंटन खिलाड़ी तन्वी पत्री ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बैडमिंटन एशिया अंडर-17 एवं अंडर-15 जूनियर चैंपियनशिप में लड़कियों के अंडर-17 एकल वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया। 15 वर्षीय तन्वी ने रविवार को खेले गए रोमांचक फाइनल में हमवतन शाइना मनिमुथु को 11-15, 15-10, 15-12 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।

ओडिशा की तन्वी ने फाइनल में शुरुआती गेम गंवाने के बाद जबरदस्त वापसी की और लगातार दो गेम जीतकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने लगातार दूसरे वर्ष अंडर-17 लड़कियों के एकल वर्ग का एशियाई खिताब बरकरार रखा। पिछले साल यह उपलब्धि दीक्षा सुधाकर ने हासिल की थी।

तन्वी के लिए यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि वह पहले ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। उन्होंने इससे पहले पोंटियानक इंटरनेशनल चैलेंज में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय खिताब जीता था। इसके अलावा इसी वर्ष बेंगलुरु में आयोजित ऑल इंडिया जूनियर अंडर-19 बैडमिंटन रैंकिंग टूर्नामेंट में भी उन्होंने खिताब अपने नाम किया। वर्ष 2024 में तन्वी अंडर-15 एशियाई चैंपियन बनी थीं।

दूसरी वरीयता प्राप्त तन्वी ने फाइनल तक पहुंचने के दौरान कई कड़े मुकाबले जीते। उन्होंने चीन की झोउ जिंग ली, जापान की शिजुकु काशियो और चीन की लिन हेंग मेन को हराया। सेमीफाइनल में उन्होंने चीन की यू यिंग गुई को 15-9, 11-15, 15-11 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई।

वहीं, छठी वरीयता प्राप्त शाइना मनिमुथु ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में जापान की युई इताबाशी और सेमीफाइनल में अनोन ओकिमोटो को हराया।

अंडर-15 वर्ग में भी भारत के खाते में कांस्य पदक आया। आदित्य सिंह नेगी और तनमय वर्मा की जोड़ी ने लड़कों के युगल में तीसरा स्थान हासिल किया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.