After Header-1

तन्वी शर्मा की धमाकेदार वापसी, मालविका को दी मात

हो ची मिन्ह सिटी। भारत की शीर्ष वरीय तन्वी शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हमवतन सातवीं वरीय मालविका बंसोड़ को तीन गेम के कड़े मुकाबले में हराकर वियतनाम ओपन सुपर 100 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। विश्व रैंकिंग में 27वें स्थान पर काबिज तन्वी ने मालविका को 21-18, 15-21, 21-14 से शिकस्त दी।

मुकाबले की शुरुआत मालविका के पक्ष में रही। उन्होंने आक्रामक खेल दिखाते हुए पहले गेम में तन्वी के खिलाफ 13-6 की मजबूत बढ़त बना ली थी। हालांकि, तन्वी ने धैर्य बनाए रखा और शानदार वापसी करते हुए अगले 13 में से 10 अंक अपने नाम कर स्कोर 16-16 से बराबर कर दिया। इसके बाद उन्होंने दबाव के बीच बेहतर नियंत्रण दिखाया और पहला गेम 21-18 से जीत लिया।

दूसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच जोरदार संघर्ष देखने को मिला। स्कोर लगातार बदलता रहा और किसी भी खिलाड़ी को बड़ी बढ़त नहीं मिल सकी। मुकाबले के अंतिम चरण में मालविका ने अपना खेल तेज किया और लगातार अंक हासिल करते हुए 21-15 से गेम अपने नाम कर दिया। इस जीत के साथ उन्होंने मुकाबला निर्णायक तीसरे गेम तक पहुंचा दिया।

तीसरे गेम में भी शुरुआत में दोनों खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर रही। हालांकि, मध्यांतर के बाद तन्वी ने अपनी गति और आक्रामकता बढ़ा दी। उन्होंने लगातार अंक जुटाकर बढ़त मजबूत की और मालविका पर दबाव बनाए रखा। इसके बाद मालविका वापसी नहीं कर सकीं और तन्वी ने तीसरा गेम 21-14 से जीतकर अंतिम चार में जगह पक्की कर ली।

वहीं, तीसरी वरीय ईशारानी बरुआ ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे की हुआंग चिंग पिंग को सीधे गेमों में 21-15, 21-18 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

सेमीफाइनल में तन्वी शर्मा का सामना थाईलैंड की टोनरुग साहेंग और सारुनराक वितिदसर्न के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता से होगा। वहीं ईशारानी बरुआ की भिड़ंत रक्षिता श्री और मानसी सिंह के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता से होगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.