कोलकाता, 11 सितंबर। झारखंड के कारोबारी निखार सबलोक की हत्या की जांच में नया मोड़ आया है। झारखंड पुलिस ने मामले की जांच के दौरान कोलकाता पुलिस के ट्रैफिक सार्जेंट अयन गुप्ता और सिविक वॉलंटियर ट्विंकल दास को गिरफ्तार किया है। अयन गुप्ता बेलेघाटा ट्रैफिक गार्ड में तैनात था, जबकि ट्विंकल दास चावलपट्टी रोड की रहने वाली है और सिविक वॉलंटियर के रूप में कार्यरत थी।
झारखंड पुलिस की टीम ने गुरुवार को दोनों को कोलकाता पुलिस मुख्यालय लालबाजार बुलाकर पूछताछ की। खुफिया विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में देर शाम तक पूछताछ चली और इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। शुक्रवार सुबह पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी की पुष्टि की।
पुलिस के मुताबिक, 24 अगस्त को चांडिल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-33 के किनारे एक होटल के सामने कारोबारी निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने कथित तौर पर नौ राउंड गोलियां चलाई थीं। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल कारोबारी को जमशेदपुर के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे कारोबारी प्रतिद्वंद्विता की आशंका जताई गई थी।
जांच आगे बढ़ने पर झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और बिहार में पुलिस ने कई स्थानों पर छापेमारी की और छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया। इनमें पेशेवर शूटर भी शामिल बताए गए हैं। जांच के दौरान पुलिस को एक प्रमुख संदिग्ध के कोलकाता पुलिस के ट्रैफिक सार्जेंट अयन गुप्ता से संपर्क होने की जानकारी मिली। इसके बाद अयन गुप्ता और सिविक वॉलंटियर ट्विंकल दास के संपर्कों की भी जांच शुरू हुई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, लालबाजार में पूछताछ के दौरान दोनों से कई सवाल किए गए, लेकिन पुलिस को उनके जवाब संतोषजनक नहीं लगे। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों की गिरफ्तारी के साथ मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या आठ हो गई है। झारखंड पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) पूरे मामले की जांच कर रही है। जांचकर्ताओं को आशंका है कि कारोबारी की हत्या के लिए शूटर को करीब 15 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। अब पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपितों की भूमिका, उनके संपर्कों और कथित हत्या की साजिश से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।