सागर, 11 सितंबर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा क्षेत्र में हुए चर्चित जहरीली शराब कांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी रवि लखेरा को पुलिस ने शुक्रवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, बरायठा के जंगल में हनुमान टोंग मंदिर के पास घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की और भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।
घायल रवि लखेरा को पुलिस ने तत्काल बंडा अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर जहरीली शराब के निर्माण और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
पुलिस को गुरुवार रात सूचना मिली थी कि करीब 45 वर्षीय रवि लखेरा बरायठा क्षेत्र के जंगल में छिपा हुआ है। इसके बाद टीम ने हनुमान टोंग मंदिर के आसपास घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि टीम को देखकर आरोपी ने गोली चलाई और मौके से भागने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घटना की सूचना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
मौतों के आंकड़े पर अलग-अलग दावे
बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से मौतों को लेकर आंकड़ों में अंतर बना हुआ है। गुरुवार को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती तीन और मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या 31 तक पहुंचने का दावा किया गया। हालांकि, प्रशासन ने अब तक 16 मौतों की पुष्टि की है।
33 आरोपी बनाए गए
पुलिस के अनुसार मामले में कुल 33 लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें रवि लखेरा समेत 18 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एक आरोपी की मौत हो गई है, जबकि एक अस्पताल में भर्ती है। 13 आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक रवि लखेरा के खिलाफ मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत अन्य स्थानों पर करीब 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें आबकारी अधिनियम से जुड़े मामले भी शामिल हैं। पुलिस उसे अंतरराज्यीय अवैध शराब नेटवर्क से जुड़ा मान रही है। वर्ष 2025 में सागर के बहेरिया थाना क्षेत्र में दर्ज आबकारी मामले में भी वह फरार था। इसके अलावा मई 2026 में ललितपुर में पकड़ी गई कथित नकली शराब फैक्ट्री के मामले में भी उसका नाम सामने आया था।