वडोदरा में पीएम मोदी का युवा कनेक्ट, AI से बुलेट ट्रेन तक बड़े ऐलान

वडोदरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वडोदरा दौरे के दौरान आयोजित ‘नमो फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम में युवाओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। एम.एस. यूनिवर्सिटी के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, युवा प्रोफेशनल्स और जेन-जी शामिल हुए। पीएम मोदी ने युवाओं के बीच पहुंचकर हाथ मिलाया, हाई-फाइव किया और सेल्फी वीडियो के जरिए उनसे सीधा संवाद भी किया।

युवाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), मशीन लर्निंग और डेटा साइंस जैसे क्षेत्रों में दक्षता हासिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा तकनीक के केवल उपभोक्ता न बनें, बल्कि नए इनोवेशन और स्टार्टअप के जरिए तकनीक के निर्माता बनें। कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और शहरी प्रशासन जैसी चुनौतियों के समाधान के लिए एआई आधारित स्थानीय स्टार्टअप को बढ़ावा देने पर भी उन्होंने जोर दिया।

प्रधानमंत्री ने गुजरात के लिए 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने फ्रेट कॉरिडोर परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी अंतिम कड़ियां जुड़ चुकी हैं और करीब 2,800 करोड़ रुपये की परियोजना पूरी हो गई है। उन्होंने पिछली सरकारों की कार्यशैली पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले महत्वपूर्ण परियोजनाएं वर्षों तक फाइलों में अटकी रहती थीं।

पीएम मोदी ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए ‘नाराज फुफाजी’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया और कहा कि नकारात्मकता फैलाने वालों के बीच देश का युवा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री ने ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका को अहम बताया। साथ ही वडोदरा की स्वच्छता की सराहना करते हुए शहरवासियों से इसे हमेशा साफ रखने का संकल्प लेने की अपील की। इस अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि अगले वर्ष मई-जून तक देश में बुलेट ट्रेन का संचालन शुरू होने की उम्मीद है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.