किसानों के लिए लॉन्च हुआ ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ एप, मौसम से बाजार तक मिलेगी हर जानकारी

देहरादून। उत्तराखंड के किसानों और स्वयं सहायता समूहों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक नई पहल शुरू की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति द्वारा विकसित किसान-केंद्रित मोबाइल एप ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने एप को किसानों और स्वयं सहायता समूहों के लिए उपयोगी बताते हुए संस्था को इस पहल के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि क्षेत्र में तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल किसानों तक जरूरी जानकारी और सेवाएं आसानी से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों के जरिए किसानों को समय पर सही जानकारी उपलब्ध होने से वे कृषि से जुड़ी चुनौतियों का बेहतर ढंग से सामना कर सकेंगे।

समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ एप को किसानों की व्यावहारिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसके माध्यम से किसानों को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रियल टाइम मौसम संबंधी जानकारी और अलर्ट उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। इसके अलावा फसल के अनुसार कृषि सलाह और एआई आधारित फसल रोग पहचान जैसी सुविधाएं भी एप में शामिल की गई हैं।

एप के जरिए किसानों को कृषि एवं बाजार से संबंधित जानकारी के साथ परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इससे किसानों को उत्पादन से लेकर बाजार तक अपनी जरूरतों के लिए डिजिटल सहयोग मिल सकेगा।

समिति ने बताया कि एप में स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमों को बाजार से जोड़ने से संबंधित सुविधाओं को भी शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर उत्पाद तैयार करने वाले समूहों और उद्यमों को बेहतर बाजार संपर्क उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम में कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी के अलावा मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति की कमला डबराल, राजेश डबराल, अंशुल, प्रांजल नौडियाल और सूरवीर सिंह कठैत उपस्थित रहे। एप को कृषि क्षेत्र में डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने वाली पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.